Thu. Jul 2nd, 2026

Vaibhav Sooryavanshi Debut: क्या पहले टी-20 में वैभव सूर्यवंशी करेंगे डेब्यू? कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 को लेकर दिया बड़ा बयान

Vaibhav Sooryavanshi Debut: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 1 जुलाई को डरहम के चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला जाना है। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह है, वहीं टीम इंडिया की प्लेइंग-11 को लेकर भी चर्चाएं बेहद गर्म हैं। मैच की पूर्व संध्या पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम की रणनीतियों पर बात की। इस दौरान जब उनसे युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर सवाल पूछा गया, तो कप्तान ने प्लेइंग-11 को पूरी तरह सीक्रेट रखने का फैसला किया।

“हमारे हाथ बंधे हैं, सब कुछ नहीं बता सकते”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने श्रेयस अय्यर से पूछा कि क्या वैभव सूर्यवंशी को पहले मैच में मौका मिल रहा है, तो कप्तान ने मुस्कुराते हुए कहा, “हमारे हाथ बंधे हुए हैं, यह बहुत निजी (गोपनीय) मामला है। हम सबको यह नहीं बता सकते कि हम किस प्लेइंग-11 के साथ मैदान पर उतरेंगे, क्योंकि ऐसा करने से विरोधी टीम को हमारी रणनीतियों का पता चल जाएगा।”

वैभव की तारीफ करते हुए अय्यर ने आगे कहा, “वह एक शानदार और बेहद टैलेंटेड खिलाड़ी हैं। जब भी उन्हें खेलने का मौका मिलेगा, वह बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”

वर्ल्ड कप चैंपियंस की टीम में सुरक्षा का माहौल

कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम के माहौल पर बात करते हुए साफ किया कि स्क्वॉड का हर खिलाड़ी मैच विनर है। उन्होंने कहा, “देखिए, टीम में शामिल हर एक खिलाड़ी ने लगातार अच्छा परफॉर्मेंस किया है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ एक ही खिलाड़ी ने रन बनाए या विकेट लिए हों। सभी ने मिलकर भारत को टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया है और सभी जानते हैं कि टी-20 फॉर्मेट में किस तरह की क्रिकेट खेलनी है।”

अय्यर ने टीम के भीतर खिलाड़ियों को सुरक्षा का अहसास कराने पर जोर देते हुए कहा, “हम टीम में एक ऐसा माहौल बना रहे हैं जिससे किसी भी खिलाड़ी को अपनी जगह को लेकर कोई शक या डर न हो। सभी को सुरक्षा (Security) देना हमारी प्राथमिकता है, ताकि उन्हें यह बिल्कुल न लगे कि वे टीम से बाहर हो सकते हैं।”

मैच का समय और दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होगा।

भारतीय टीम (Squad):

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।

इंग्लैंड टीम (Squad):

हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम कुरन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।

About The Author