रेलवे में 6557 टेक्नीशियन पदों पर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। आरआरबी ने टेक्नीशियन ग्रेड-I और टेक्नीशियन ग्रेड-III के कुल 6557 पदों पर नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 29 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता
टेक्नीशियन ग्रेड-I पद के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जबकि टेक्नीशियन ग्रेड-III के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। शैक्षणिक योग्यता के तहत उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। कुछ पदों के लिए संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग या तकनीकी योग्यता भी अनिवार्य होगी।
आवेदन शुल्क की जानकारी
भर्ती के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग और अन्य पात्र आरक्षित वर्गों को नियमानुसार शुल्क में छूट दी जाएगी। शुल्क से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध है।
read more : अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, राम मंदिर दर्शन की मांग को लेकर लगे नारे
CBT के जरिए होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा में सामान्य जागरूकता, गणित, जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग और कंप्यूटर से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे और प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
समय रहते करें आवेदन
रेलवे में स्थायी नौकरी पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती एक शानदार अवसर है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़कर सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।

