ओडिशा की 5वीं कक्षा की किताब में ‘निंबूड़ा-निंबूड़ा’ सॉन्ग, शिक्षा विभाग पर उठे सवाल
Odisha School Textbooks Mistakes: ओडिशा में पांचवीं कक्षा के छात्र न सिर्फ बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय के हिट गाने ‘निंबूडा-निंबूडा’ के बोल सीख रहे हैं, बल्कि उन्हें अपनी किताबों में कई बड़ी गलतियां भी मिल रही हैं। ‘निंबूडा-निंबूडा’ गाना सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ का है। SCERT की किताबों में 1,600 से ज्यादा गलतियां सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने चार वरिष्ठ अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।मांझी ने एक इंटरव्यू में दलील दी है कि पहले भी गलतियां होती थीं, लेकिन इस बार पैमाना बहुत बड़ा है। उन्होंने इसके पीछे सरकार को बदनाम करने की गहरी साजिश की आशंका जताई है। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिया है कि यदि जांच में जानबूझकर की गई गड़बड़ी पाई जाती है, तो नई किताबों की छपाई का पूरा खर्च जिम्मेदार लोगों से वसूला जाएगा।
सबसे ज्यादा पांचवीं कक्षा में गलतियां
ओडिशा में स्कूल की किताबों में ऐश्वर्या राय पर फिल्माए गए गाने ‘निंबूडा-निंबूडा’ को क्लास 5 की अंग्रेजी की किताब में शामिल किए जाने की वजह से चर्चा हो रही है। यह गाना मूल रूप से फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के लिए करसन सरगथिया और कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था। खबरों के मुताबिक, SCERT ओडिशा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए ये किताबें तैयार की थीं। कक्षा 1 से 8वीं तक के लिए तैयार नई किताबों में 1,678 गंभीर तथ्यात्मक और व्याकरण संबंधी गलतियां पाई गईं। सबसे अधिक 705 गलतियां अकेले कक्षा 8 की किताबों में मिलीं। राज्य सरकार ने त्रुटियों वाली सभी पुरानी किताबों को छात्रों से वापस लेने (रिकॉल करने) और उनकी जगह पूरी तरह संशोधित नई किताबें छापने का आदेश दिया है।
गलतियां नहीं, बड़े ब्लंडर
विज्ञान की किताब में महान वैज्ञानिक सर आइजैक न्यूटन को वैज्ञानिक की जगह ‘महान पायलट’ लिख दिया गया।
कर्नाटक विधानसभा की तस्वीर को ‘ओडिशा विधानसभा’ और कर्नाटक के हम्पी मंदिर परिसर की तस्वीर को ‘कोणार्क का सूर्य मंदिर’ बताया गया।
ओडिशा की ‘नियमगिरि पहाड़ियों’ को झारखंड में दिखा दिया गया।
बेरहामपुर शहर को एक जिला घोषित कर दिया गया।
कक्षा 5 की पाठ्यपुस्तक में ऐश्वर्या राय के प्रसिद्ध बॉलीवुड गाने ‘निंबूड़ा निंबूड़ा’ को एक पारंपरिक लोक गीत के रूप में शामिल कर दिया गया।
बीजेडी ने घेरा सरकार को
किताबों में त्रुटियों के साथ तथ्यात्मक गलतियां हैं। जैसे, गेहूं को गलती से धान बता दिया गया और ‘फ़ूड वेब’ को ‘फ़ूड साइकिल’ लिख दिया गया। स्कूली किताबों में इन गलतियों को लेकर चल रहे विवाद के बीच, पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अगुवाई वाली BJD ने मुख्यमंत्री के ‘साजिश’ वाले दावे पर पलटवार किया। उन्होंने पूछा कि अगर वाकई ऐसी कोई साजिश है, तो मुख्यमंत्री कानूनी कार्रवाई करके इसमें शामिल लोगों को बेनकाब क्यों नहीं करते। इस बीच, सरकार ने कहा है कि जब तक नई और संशोधित किताबें छपकर उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक उसने वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है।स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को एक संशोधन सूची जारी की है। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे फिलहाल छात्रों को खुद इन गलतियों को सुधारकर पढ़ाएं। इस बार करीब 21 करोड़ रुपये खर्च कर किताबों की छपाई का एक बड़ा हिस्सा निजी प्रेसों को आउटसोर्स किया गया था, जिसकी प्रक्रिया भी अब जांच के दायरे में है। ओडिशा के वर्तमान विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड हैं। इसके अतिरिक्त राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री का कार्यभार सूर्यवंशी सूरज संभाल रहे हैं।(एजेंसी)

