Tue. Jun 9th, 2026

रायपुर में 11 जून को जल संकट, 42 टंकियों से शाम की पानी सप्लाई रहेगी बंद

Raipur News: 11 जून को राजधानी रायपुर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। बिजली लाइनों पर तकनीकी काम के कारण शहर के मुख्य वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का कामकाज कुछ समय के लिए बंद रहेगा, जिससे दर्जनों जलाशयों से शाम की पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी। नगर निगम और जल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण करने की अपील की है।

क्यों बंद रहेगी पानी सप्लाई?

जानकारी के अनुसार, रावणभाटा उपकेंद्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 33 केवी फीडर लाइन से संबंधित अंडरग्राउंड केबल जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान संबंधित विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी, जिससे इंटेकवेल और जल शोधन संयंत्रों का संचालन प्रभावित होगा।

तकनीकी कार्य के चलते 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इसका सीधा असर शहर के 42 जलागारों पर पड़ेगा और इनसे जुड़े क्षेत्रों में 11 जून की शाम पानी नहीं पहुंच पाएगा।

इन इलाकों पर असर पड़ेगा

प्रभावित इलाकों में डंगनिया, गुढ़ियारी, शंकर नगर, तेलीबांधा, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, अमलीडीह, अवंति विहार, मोवा, सड्डू, कचना, रायपुरा, जोरा, देवेंद्र नगर, संजय नगर सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

जल विभाग ने नागरिकों से की अपील

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 11 जून की सुबह नियमित रूप से पानी की सप्लाई होगी, लेकिन शाम की सप्लाई बाधित रहेगी। 12 जून से पानी की सप्लाई सामान्य हो जाएगी। जिन इलाकों में पानी की सप्लाई दूसरे जलाशयों और पंपिंग स्टेशनों से होती है, वहां सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। (एजेंसी)

About The Author