Wed. Jun 3rd, 2026

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले बोर्ड का बड़ा अलर्ट, ये काम किया तो होगी सख्त कार्रवाई

परीक्षा सामग्री साझा करने, OMR शीट ले जाने और अनधिकृत रूप से रखने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आगामी सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों और अन्य हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने सोशल मीडिया पर परीक्षा प्रश्नपत्रों, उनके कंटेंट, चर्चा, विश्लेषण और प्रसार पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट http://uppbpb.gov.in पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

 

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र या उससे संबंधित किसी भी सामग्री को साझा करना दंडनीय अपराध माना जाएगा। कोई भी व्यक्ति यदि परीक्षा सामग्री या उसकी जानकारी को मौखिक, लिखित, इलेक्ट्रॉनिक अथवा अन्य किसी माध्यम से प्रकाशित, पुनरुत्पादित, प्रसारित, संग्रहीत या साझा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

इसके अलावा परीक्षा केंद्र से मूल OMR शीट ले जाना भी पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षा सामग्री को अनधिकृत रूप से अपने कब्जे में रखना भी अपराध की श्रेणी में माना जाएगा।

 

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा कि यह निर्णय परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। यह निर्देश उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के प्रावधानों के तहत जारी किए गए हैं।

 

बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि आगामी परीक्षाओं से पहले या बाद में प्रश्नपत्रों अथवा उनसे जुड़े कंटेंट पर चर्चा, विश्लेषण या प्रसार करना कानून के तहत प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

About The Author