क्या बीजेपी को अलविदा कहने वाले हैं अन्नामलाई? नई पार्टी बनाने की अटकलें तेज
तमिलनाडु भाजपा के प्रमुख नेताओं में शुमार और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अन्नामलाई जल्द ही अपनी अलग राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह भाजपा में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर संतुष्ट नहीं हैं और नई संभावनाओं की तलाश कर रहे हैं।
दिल्ली बैठक से पहले बढ़ीं अटकलें
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अन्नामलाई की दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है। चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब उनसे नई पार्टी बनाने की चर्चाओं को लेकर सवाल किया तो उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि अगले दो दिनों में इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
एयरपोर्ट पर दिखे अलग अंदाज में
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर उस समय और ज्यादा अटक गई जब अन्नामलाई एयरपोर्ट पर भाजपा के झंडे से रहित वाहन में पहुंचे। इसे उनके राजनीतिक रुख में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लगभग एक महीने बाद सामने आई इन चर्चाओं ने पार्टी के भीतर हलचल बढ़ा दी है।
चुनावी प्रदर्शन और अंदरूनी असंतोष की चर्चा
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में भाजपा को हालिया चुनाव में केवल एक सीट हासिल हुई थी। सूत्रों का दावा है कि पार्टी के भीतर निर्णय प्रक्रिया में अपनी भूमिका को लेकर अन्नामलाई असहज महसूस कर रहे हैं। यही वजह है कि उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।
समर्थकों में अब भी मजबूत पकड़
अन्नामलाई की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके 4 जून के जन्मदिन से पहले ही चेन्नई में समर्थन वाले पोस्टर नजर आने लगे हैं। इन पोस्टरों में उन्हें नेतृत्व संभालने का आह्वान किया गया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार भाजपा नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।

