Mon. May 25th, 2026

Premanand Maharaj : प्रेमानंद महाराज का भावुक संदेश वायरल, बोले- मैं दिखूं या न दिखूं, नाम जप करते रहो

Premanand Maharaj : वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने अपने भक्तों को खास संदेश देते हुए कहा कि वे चिंता न करें और भगवान के नाम का जाप करते रहें। इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर भक्तों की चिंता और बढ़ गई है।

 

नई दिल्ली: वृंदावन के प्रसिद्ध संत और कथावाचक Premanand Maharaj का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाल ही में उनकी पदयात्रा और भक्तों से निजी मुलाकात को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था, जिसके बाद से भक्त उनके स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित हैं।

 

वीडियो में प्रेमानंद महाराज अपने भक्तों से कहते नजर आ रहे हैं, “बिल्कुल चिंता मत करो। हम मिलें या न मिलें, बोलें या न बोलें, लेकिन हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं। आप सभी भगवान के नाम का जाप करते रहिए।”

 

उन्होंने आगे कहा कि किसी व्यक्ति विशेष पर निर्भर होने की बजाय भक्तों को ईश्वर पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं सामने आऊं या न आऊं, इसकी चिंता मत करो। तुम वही करोगे जो गुरुदेव कहेंगे। बस भजन करते रहो और निश्चिंत रहो।”

 

प्रेमानंद महाराज ने यह भी कहा कि वे मौन और एकांत में रह सकते हैं, लेकिन यह सब भक्तों के कल्याण के लिए है। उन्होंने भक्तों से प्रसन्न रहने और लगातार नाम जप करते रहने की अपील की।

 

कुछ दिन पहले उनकी रोजाना होने वाली पदयात्रा को अचानक स्थगित कर दिया गया था। यह यात्रा वृंदावन के केली कुंज आश्रम से सौभरी कुंड तक निकाली जाती थी। आश्रम के सेवादारों ने माइक से इसकी जानकारी दी थी।

 

गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज पहले भी अपने प्रवचनों में बता चुके हैं कि उनकी किडनी पिछले करीब 20 वर्षों से खराब है। इसी वजह से उनके स्वास्थ्य को लेकर भक्तों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

About The Author