Mon. May 18th, 2026

China Earthquake : आधी रात आए भूकंप से दहला चीन का शहर, कई इमारतें ढहीं

दक्षिणी चीन के ग्वांग्शी क्षेत्र के लिउझोऊ शहर में 5.2 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई. कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

 

China के दक्षिणी क्षेत्र ग्वांग्शी में स्थित Liuzhou शहर और आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के आए तेज भूकंप ने भारी तबाही मचा दी. रात करीब 12:21 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई, जिसके चलते कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई लोग मलबे में फंस गए.

 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप जमीन से केवल 8 किलोमीटर की गहराई पर आया था. कम गहराई की वजह से झटकों का असर ज्यादा महसूस किया गया और नुकसान भी अधिक हुआ. भूकंप के झटके करीब 550 किलोमीटर दूर तक महसूस किए गए, जिनमें Hong Kong भी शामिल है.

 

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, भूकंप के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. मौके पर 300 से अधिक राहतकर्मी और 51 वाहन तैनात किए गए हैं. मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान लगातार जारी है.

 

अब तक चार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि तीन लोगों के लापता होने की खबर है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लगभग 7,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.

 

राहत की बात यह रही कि इलाके में बिजली, पानी और गैस आपूर्ति पूरी तरह बंद नहीं हुई और अधिकांश सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं. चीन सरकार ने घटना के तुरंत बाद इमरजेंसी लागू करते हुए विशेष राहत टीमें तैनात कर दी हैं.

 

विशेषज्ञों का कहना है कि इस इलाके में आमतौर पर भूकंप कम आते हैं, इसलिए इस घटना ने स्थानीय लोगों और प्रशासन दोनों को चौंका दिया है. प्रशासन आफ्टरशॉक्स यानी भूकंप के बाद आने वाले हल्के झटकों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है.

About The Author