Milk Price Hike 2026: फिर पड़ी महंगाई की मार! अब दूध के भी बढ़े दाम…
देश की बड़ी डेयरी कंपनी अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर असर पड़ सकता है।
Amul Milk Price Hike 2026: देश की प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल ने उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देते हुए दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें पूरे देश में तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इस फैसले के बाद अब आम लोगों की रसोई का बजट और बढ़ सकता है।
गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ यानी GCMMF ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। संगठन के मुताबिक यह मूल्य वृद्धि पूरे भारत में समान रूप से लागू होगी। नई दरों के अनुसार अब अमूल फुल क्रीम दूध 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
करीब एक साल बाद बढ़े दूध के दाम
बताया गया है कि इससे पहले अमूल ने 1 मई 2025 को दूध की कीमतों में बदलाव किया था। कंपनी के अनुसार इस बार कीमतों में लगभग 2.5 से 3.5 फीसदी तक की वृद्धि की गई है, जो औसत खाद्य महंगाई दर से कम है।
दिल्ली-NCR और यूपी में नई कीमतें
नई दरों के मुताबिक 500 मिलीलीटर स्लिम एंड ट्रिम दूध अब 27 रुपये में मिलेगा। वहीं ताजा दूध 30 रुपये, गाय का दूध 31 रुपये और गोल्ड दूध 36 रुपये में उपलब्ध होगा। भैंस के दूध की कीमत में सबसे ज्यादा 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 80 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम?
अमूल ने कहा कि पशु आहार, पैकेजिंग, ईंधन और ट्रांसपोर्ट की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा दूध उत्पादक किसानों को भी ज्यादा भुगतान किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक किसानों को प्रति किलोग्राम फैट पर 30 रुपये अधिक दिए जा रहे हैं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 3.7 फीसदी ज्यादा है।
अमूल का कहना है कि ग्राहकों से मिलने वाले हर 1 रुपये में से लगभग 80 पैसे सीधे किसानों तक पहुंचते हैं। इसलिए यह फैसला किसानों को बेहतर कीमत देने और उत्पादन बनाए रखने के लिए जरूरी था।
अमूल का कारोबार भी बढ़ा
वित्त वर्ष 2025-26 में अमूल का कारोबार 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग के चलते कंपनी ने 11 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। संगठन प्रतिदिन करीब 31 करोड़ लीटर दूध एकत्र करता है और दूध, मक्खन, पनीर, घी तथा आइसक्रीम जैसे कई उत्पाद बाजार में सप्लाई करता है।

