अगर आया ये मैसेज तो तुरंत हो जाएं अलर्ट, बंद हो सकती है LPG सब्सिडी
सरकार ने LPG सब्सिडी को लेकर नई जांच शुरू की है। ज्यादा आय वाले उपभोक्ताओं को SMS भेजे जा रहे हैं और 7 दिन में जवाब नहीं देने पर सब्सिडी बंद हो सकती है।
केंद्र सरकार ने LPG सब्सिडी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। बढ़ती ऊर्जा कीमतों और सरकारी खर्च के दबाव के बीच अब ज्यादा आय वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी बंद की जा सकती है। सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ऐसे ग्राहकों की पहचान कर रही हैं जो सब्सिडी पाने के लिए पात्र नहीं हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन परिवारों की सालाना आय 10 लाख रुपये या उससे अधिक है, उनकी LPG सब्सिडी बंद की जा सकती है। इसके लिए तेल कंपनियां इनकम टैक्स विभाग के डेटा का उपयोग कर रही हैं। सरकार का मानना है कि सब्सिडी का लाभ केवल जरूरतमंद और गरीब परिवारों तक ही पहुंचना चाहिए।
तेल कंपनियां ऐसे ग्राहकों को SMS भेज रही हैं जिनकी आय तय सीमा से ज्यादा पाई गई है। मैसेज में बताया जा रहा है कि अगर जानकारी गलत है तो उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सरकार और तेल कंपनियों ने इसके लिए 7 दिन का समय दिया है। तय समय के भीतर जवाब नहीं देने पर सब्सिडी स्थायी रूप से बंद की जा सकती है।
ग्राहक अपनी शिकायत संबंधित तेल कंपनी की हेल्पलाइन या आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दर्ज कर सकते हैं। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण सब्सिडी पर खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से सरकार गैर-जरूरी खर्च कम करने और राजकोषीय दबाव घटाने की दिशा में कदम उठा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय, वित्त मंत्रालय और RBI के अधिकारियों के बीच इस विषय को लेकर कई बैठकें हो चुकी हैं। सरकार विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने और आर्थिक स्थिति मजबूत रखने के लिए ईंधन नीति में बदलाव पर भी विचार कर रही है।

