Sat. Apr 18th, 2026

Women’s Reservation Bill Update: पीएम मोदी आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे, रात 8.30 बजे होगा संबोधन

Women’s Reservation Bill Update: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा है कि राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करें।

Women’s Reservation Bill Update: नई दिल्लीः लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद महिला आरक्षण से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’ और परिसीमन प्रक्रिया से जुड़े विधेयक पास न होने के बाद सरकार और विपक्ष एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के जरिए बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मीटिंग में बीजेपी अध्यक्ष ने पार्टी के मुख्यमंत्रियों से कहा कि राज्य विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ “ निंदा प्रस्ताव “ पारित किया जाना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि विपक्ष के लिए महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन योजना का समर्थन करना संभव नहीं है। अगर सरकार वाकई गंभीर है तो उसे 2023 के कानून को लागू करना चाहिए। अगर सरकार 2023 के महिला आरक्षण कानून को लागू करती है तो सभी विपक्षी दल सरकार का समर्थन करेंगे। जनता परेशान है और इस सरकार की हरकतों को भली-भांति समझ चुकी है। वह सरकार के बहकावे में नहीं आएगी।

लोकसभा और राज्यसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित

बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शनिवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की बैठक 11 बजे शुरू हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि 18वीं लोकसभा के इस (सातवें) सत्र में कुल 31 बैठकें हुईं और सदन की कार्यवाही 151 घंटे तथा 42 मिनट तक चली। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कार्य उत्पादकता 93 प्रतिशत रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई अन्य दलों के प्रमुख नेता सदन में मौजूद थे।

पीएम मोदी रात 8.30 राष्ट्र को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8.30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

सपा सांसद बर्क़ ने की बीजेपी की आलोचना

 संविधान (131वां संशोधन) बिल के लोकसभा में पास न हो पाने पर समाजवादी पार्टी के सांसद ज़िया उर रहमान बर्क़ ने कहा, “BJP को पता था कि यह बिल पास नहीं होगा। BJP यही चाहती थी, ताकि वे एक नैरेटिव सेट कर सकें और पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु चुनावों में इसका श्रेय ले सकें। लेकिन जनता जागरूक है… जनता जानती है कि यह बिल 2023 में पास हो गया था, तो फिर आप अभी तक आरक्षण क्यों नहीं दे पा रहे हैं?… हमने मुस्लिम महिलाओं के लिए भी आरक्षण की मांग की थी। लेकिन सरकार ने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता…”

कांग्रेस को महिलाएं देंगी करारा जवाबः रिजीजू

महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन के माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने के संबंध में लाए गए संविधान संशोधन विधेयक को एकजुट विपक्ष द्वारा पारित नहीं होने देने के एक दिन बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने शनिवार को कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि उसे उनके ”गुस्से” का सामना करना होगा। रिजीजू ने कहा, ”यह साबित हो चुका है कि कांग्रेस महिला विरोधी है। उसे देश की महिलाओं के गुस्से का सामना करना होगा। उन्होंने कहा, ”महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने के बाद विपक्ष जश्न मना रहा है। देश की महिलाएं उन्हें करारा सबक सिखाएंगी। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का भी आरोप लगाया और कहा कि पार्टी अब ”बेनकाब” हो चुकी है।

सपा सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

  समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर कहा, “ये दलित, OBC विरोधी है जब समाजवादी पार्टी की मांग थी कि OBC महिलाओं को आरक्षण दीजिए क्योंकि आधी आबादी का सवाल था लेकिन ये आधी आबादी में भी दरार पैदा करने वाले लोग हैं। दरारवादी लोग हैं।इन्होंने समाज में हमेशा दरार और अविश्वास, भय पैदा की है और इसी हथियार से ये लोग सत्ता में बने हुए हैं अब लोग ये बात समझ चुके हैं..”।

About The Author

इन्हें भी पढ़े