इलेक्शन कमीशन आज 5 प्रदेशों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा
चुनाव आयोग ने रविवार शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में देश के पांच प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया जा सकता है।
नई दिल्ली: देश के पांच प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी साल इन सभी प्रदेशों में चुनाव होने हैं, जिसे लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक निर्वाचन आयोग आज ही पांच प्रदेशों में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। आज शाम को 4 बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है। जिन प्रदेशों में चुनाव होना है, उनमें चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक चुनाव आयोग रविवार शाम को विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर सकता है। पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम में चुनाव की तारीखों के ऐलान किया जा सकता है। इसके अलावा एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी इसके साथ ही चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव से जुड़े कार्यक्रम की घोषणा के लिए शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है।
बता दें कि जिन पांच प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होना है, उन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (SIR) के तहत प्रकाशित की जा चुकी हैं। बता दें कि तमाम राजनीतिक दल भी चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। कांग्रेस ने तो पश्चिम बंगाल के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी कर दी है।

