“ये लोकसभा है स्टॉक मार्केट नहीं जो आपकी प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बहस करे”, राहुल पर अमित शाह का तंज
लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस आज बुधवार को भी जारी है। गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में चर्चा में भाग ले रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया जाता है।
संसद में बजट सत्र का दूसरा चरण जारी है। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष द्वारा लगातार हंगामा किया जा रहा है जिस कारण कई बार सदन को स्थगित करना पड़ा। आपको बता दें कि बुधवार को लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस का दूसरा दिन है। देश के गृह मंत्री अमित शाह आज चर्चा पर जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा का स्पीकर किसी दल का नहीं होता, वह सभी का होता है। इससे पहले मंगलवार को सदन में महज 47 मिनट चर्चा हो पाई। बहस के लिए तय सवा 6 घंटे हंगामे में बर्बाद हो गए। बुधवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उन्हें सदन में बोलने से रोका जाता है।
इससे पहले मंगलवार को सदन विपक्ष के हंगामे के बीच चला। चर्चा स्पीकर के खिलाफ नो कॉन्फिडेंस मोशन को लेकर हुई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस प्रोटेस्ट को लेकर ऐसी बात कही जिसपर आज बीजेपी ने जबरदस्त हमला बोला। राहुल ने AI समिट पर बात की और कहा कि कर दिया काम यूथ कांग्रेस वालों ने आज बीजेपी की ओर से संबित पात्रा बोले। उन्होंने कहा कि राहुल की हंसी मीर जाफर जैसी थी। उन्होंने साबित कर दिया कि यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट के आर्किटेक्ट और डिजाइनर राहुल थे।
संसद में बोलते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। किरेन रिजिजू ने इशारों में कहा कि राहुल गांधी खुद को ज्ञानी समझते हैं। बिना फैक्ट चेक के आरोप लगाते हैं..उन्होंने कहा कि राहुल ने बयान दिया था कि उन्हें संसद में बोलने के लिए किसी की इजाजत की जरूरत नहीं। रिजिजू ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि विपक्ष के कई सीनियर लीडर मौजूद थे। किसी ने राहुल गांधी को बताया नहीं कि बोलने के लिए स्पीकर की परमिशन जरूरी है। इसके बिना कोई सांसद अपनी मर्जी से नहीं बोल सकता।
जब संसद में किरेन रिजिजू अपनी बात खत्म कर रहे थे तो राहुल गांधी सदन में नहीं थे। वहां प्रियंका गांधी बैठी थीं। उन्होंने तुरंत बयान दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले 12 साल में एक ही शख्स नहीं झुका वो हैं राहुल गांधी। जो सत्ता पक्ष के सामने कभी नहीं झुके..वो लीडर ऑफ अपोजिशन राहुल गांधी हैं। प्रियंका ने कहा कि राहुल सच बोलते हैं और सरकार इस सच को पचा नहीं पाती।
ये लोकसभा है कोई स्टॉक मार्केट नहीं जो आपके प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बहस करे-शाह
लोकसभा को गुमराह करने के लिए गलत प्रचार किया जा रहा है। वो (राहुल) बोलना नहीं चाहते हैं। बोलना चाहते हैं तो नियम के अनुसार बोलना चाहिए। स्पीकर द्वारा रखे गए विषय पर न बोलकर अलग विषय पर बोलते हैं। स्पीकर द्वारा टोके जाने पर कहते हैं कि हमें बोलने नहीं देते। कभी कहते हैं कि उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस के विषय पर बहस हो। ये लोकसभा है कोई स्टॉक मार्केट नहीं जो आपके प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बहस करे।
आधे-अधूरे मन से ही अविश्वास प्रस्ताव लाए होंगे-अमित शाह
“मैं अविश्वास प्रस्ताव जो रखा गया है उसपर बात करना चाहता हूं। अनुच्छेद 94(C) के तहत और लोकसभा के नियम 200 के अनुसार संकल्प का नोटिस सदस्य के.सी. वेणुगोपाल और 119 सदस्यों ने दिया। शायद वे आधे-अधूरे मन से ही प्रस्ताव लाए होंगे… उन्होंने अंदर तिथि में 2025 लिखा। उन्होंने संकल्प भी सलंग्न नहीं किया, उन्होंने सोचा कि स्पीकर इसे नकार देंगे। जब यह उनके ध्यान में लाया गया तो उन्होंने इसे वापस ले लिया और दूसरा नोटिस लाया। दूसरे नोटिस पर सिर्फ गौरव गोगोई के वास्तविक हस्ताक्षर हैं, बाकी सारे ज़ेरॉक्स थे, यह नियमानुसार रिजेक्ट होने का मामला है। फोटोकॉपी नहीं चलती… उनमें इतनी गंभीरता नहीं है कि नियमों के अनुसार प्रस्ताव लाएं। किसी पार्टी के नियम से सदन नहीं चलेगा, लोकसभा के नियमों से ही सदन चलेगा।”

