Sun. Mar 1st, 2026

CG Weather Update: फरवरी की विदाई के साथ मार्च के पहले सप्ताह से बढ़ेगी गर्मी

CG Weather News

CG Weather Update: फरवरी की विदाई के साथ ही प्रदेश का मौसम का बदलने लगा है। मार्च के पहले सप्ताह के साथ ही प्रदेश के सभी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है।

 

CG Weather Update:   रायपुर/बिलासपुर: प्रदेश में फरवरी की विदाई के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च राज्य में शीत ऋतु से ग्रीष्म ऋतु की ओर संक्रमण का समय होता है। इस महीने जहां दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, वहीं उत्तर भारत से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीच-बीच में मेघगर्जन और ओलावृष्टि की संभावना भी बनी रहेगी।

रायपुर में मार्च के अंत तक पारा 35.2 डिग्री या उससे ऊपर जा सकता है। दोपहर के समय हवाएं तेज और झोंकेदार हो सकती हैं। वहीं बिलासपुर में मार्च का महीना काफी गर्म हो सकता है। पिछले दशक के आंकड़ों के अनुसार 31 मार्च 2017 को यहां का तापमान 43.2 डिग्री तक पहुंच गया था।

 

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
बिलासपुर 33.4 17.0
पेंड्रारोड 31.7 16.0
अंबिकापुर 31.9 12.4
माना 35.4 17.4
जगदलपुर 34.3 16.0

न्यायधानी का हाल

बिलासपुर शहर में शनिवार को मौसम शुष्क रहा और दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की रात से अधिक था। दिन और रात दोनों में बढ़ी गर्मी से लोगों को हल्की तपिश महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इससे एक द्रोणिका विदर्भ तक, पश्चिम मध्य प्रदेश से होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है।

प्रदेश में एक मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हल्के बादल छा सकते हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान सामान्य से अधिक हैं, जिससे दिन में गर्मी का असर बढ़ा है।

ऐसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार एक से तीन मार्च तक केवल ऊंचे बादल दिखाई देंगे, जिनकी आधार ऊंचाई करीब सात किलोमीटर होगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जबकि दो मार्च को अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय कमी संभव है। चार मार्च से फिर तापमान में क्रमिक वृद्धि के संकेत हैं, हालांकि नौ मार्च को हल्की गिरावट हो सकती है। आमतौर पर इन दिनों जमीनी हवा उत्तर दिशा से चलने की संभावना है।

होली पर कैसा रहेगा तापमान?

चार मार्च को होली के दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह हल्की ठंडक और दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है। आसमान में ऊंचे बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। कुल मिलाकर होली पर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

About The Author