Wed. Feb 11th, 2026

Sukma Naxal News: सुकमा में मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी नक्सली को मार गिराया

Sukma Naxal Encounter: छत्‍तीसगढ़ के सुकमा जिले के सलातोंग इलाके में लगातार नक्सलियों के होने की सूचनाएं मिल रही थी।

सुकमा। Sukma Naxal Encounter: छत्‍तीसगढ़ के सुकमा जिले के सलातोंग इलाके में लगातार नक्सलियों के होने की सूचनाएं मिल रही थी। जिसके बाद संयुक्त आपरेशन चलाया गया जिसमें एक नक्सली मारा गया। जिसकी पहचान पांच लाख का इनामी मुचाकि मंगडू के रूप में हुई। वहीं मौके से एक 9 एमएम पिस्टल बरामद हुई है। ये जवानों की बड़ी सफलता है। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने प्रेसवार्ता के दौरान मुठभेड़ के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कहा कि जिले के सलातोंग इलाके में लगातार नक्सलियों के होने व घटना करने की आशंका के बीच जवानों को सर्चिंग अभियान के लिए भेजा गया था। सोमवार सुबह 7 बजे नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक नक्सली का शव बरामद किया गया जिसकी शिनाख्‍त मुचाकि मंगडू एसीएम सदस्य के रूप में हुई जिस पर पांच लाख का इनाम घोषित था। वहीं मौके से 9 एमएम पिस्टल, हैंडसेंट व सामग्री बरामद की गई।

हिंसा का रास्ता छोड़ आत्मसमर्पण करें नक्‍सली
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि ये जवानों के लिए बड़ी सफलता है, क्योंकि उस इलाके में काफी दहशत का माहौल था। उन्‍होंने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन चलाए जा रहे हैं। साथ ही शासन की योजनाओं को पहुंचाने का काम किया जा रहा है। हमारे द्वारा उन लोगों को भी इनाम दिया जाएगा जो नक्सलियों की सूचना देगा। मैं मीडिया के माध्यम से अपील करता हूं कि हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर विकास कार्यों में भागीदारी निभाएं। इस दौरान पुलिस अधिकारीगण मौजूद थे।

About The Author