Fri. Oct 30th, 2026

प्रदेश भर में कांग्रेसियों का रेल रोको आंदोलन, रेल्वे यात्रियों की बढ़ी परेशानी

रायपुर। केंद्र सरकार और भारतीय रेल्वे (Indian Railways)ने छत्तीसगढ़ में चलने वाली ट्रेनो के परिचालन को बंद करने को लेकर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस की अगुवाई में प्रदेश भर कांग्रेसियों ने सभी रेल्वे स्टेशनों में प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ में बार बार ट्रेन कैंसिल करने के विरोध में कांग्रेस रेल रोको आंदोलन कर केंद्र के इस फैसले का विरोध किया। प्रदेशभर में रेल रोको आंदोलन के तहत हर छोटे बड़े सभी स्टेशन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

रायपुर रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस ने हनुमान मंदिर के सामने प्रदर्शन शुरू किया। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए आरपीएफ ने पहले से रेलवे स्टेशन पर बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा कड़ी कर दी थी। लेकिन सैंकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर रेलवे स्टेशन के अंदर घुस गए। रेलवे ट्रैक पर लेट कर कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता प्रदर्शन करने लगे। रायपुर पश्चिम से विधायक विकास उपाध्याय रेलवे ट्रैक पर लेट गए। कांग्रेस पार्टी की तरफ से कहा गया है कि ट्रेनों की अवस्थाओं और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर प्रदेशभर आज राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के बीजेपी नेताओं द्वारा केंद्र तक आवाज नही उठाए जाने का भी विरोध जताया जाएगा।

देश भर के 6,800 रेल स्टोपेज बंद किए गए, जिसमें से 200 अकेले छत्तीसगढ़ में हैं। साधारण पैसेंजर मेमू ट्रेन को स्पेशल ट्रेन बनाकर दोगुना किराया वसूला जा रहा है। स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बों की संख्या भी घटाई गई।

प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में 67,382 ट्रेनों को रद्द किया गया है। जिसके कारण रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आंदोलन ने रेलवे यात्री परेशान

कांग्रेस के द्वारा प्रदेश स्तर हुए इस आंदोलन से रेलवे परिचालन पूरी तरह बाधित हुई। आंदोलन के कारण रेलवे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। छोटे- बड़े सभी स्टेशनों में हुए विरोध प्रदर्शन ने सभी ट्रेनों को रोका गया। जिससे समय पर चलने वाली ट्रेनों पर भी खासा प्रभाव पड़ा।

About The Author

SKY TMT