Tue. Aug 25th, 2026

मध्य प्रदेश में छिपे मिले 13 बांग्लादेशी, हिरासत के बाद डिपोर्ट करने की तैयारी

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में बांग्लादेशी नागरिक अपनी पहचान छिपाकर रह रहे हैं। उन्हें पहले भी कई बार पकड़ा जा चुका है और प्रशासन ने एक बार फिर ऐसे घुसपैठियों को हिरासत में लिया है। मध्य प्रदेश में ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। लगभग 20 दिनों की पूछताछ और दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के बाद, सोमवार रात पुलिस की एक स्पेशल टीम सुरक्षा घेरे में इस समूह को लेकर बांग्लादेश सीमा के लिए रवाना हुई। सीमा से जुड़ी औपचारिकताओं, आगे की पूछताछ और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।

3-4 अगस्त की रात दी दबिश

पुलिस के मुताबिक, सभी संदिग्ध ग्वालियर के कई संवेदनशील इलाकों की झुग्गियों में छिपकर रह रहे थे। एक गुप्त सूचना के आधार पर, क्राइम ब्रांच ने 3-4 अगस्त की रात को उन जगहों पर छापा मारा और महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया।

20 दिन तक पूछताछ

हिरासत में लिए जाने के बाद, बांग्लादेशी नागरिकों से 20 दिनों तक पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की गई। क्राइम ब्रांच ने सभी संदिग्धों से पूछताछ की और उनकी पहचान के दस्तावेजों, भारत में उनके प्रवेश और स्थानीय संपर्कों से जुड़ी जानकारी की जांच की। कानूनी औपचारिकताओं और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस की विशेष टीम 13 संदेहियों को लेकर सोमवार रात बांग्लादेश सीमा के लिए रवाना हुई. सीमा पर बीएसएफ और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। (एजेंसी)

About The Author