Sat. May 16th, 2026

गर्भ में पल रहे थे 4 बच्चे, परिवार ने लिया बड़ा फैसला और फिर…

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक महिला ने दो बेटों और दो बेटियों को जन्म दिया. हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के बावजूद सभी बच्चों के सुरक्षित जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है.

 

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सभी को हैरान कर दिया. आमतौर पर जुड़वा या तीन बच्चों के जन्म की खबरें सुनने को मिलती हैं, लेकिन एक साथ चार बच्चों का जन्म बेहद दुर्लभ माना जाता है. यही वजह है कि यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

 

मिली जानकारी के अनुसार, संभल जिले के ओबरी गांव निवासी मोहम्मद आलिम की पत्नी अमीना की गर्भावस्था शुरू से ही जटिल बताई जा रही थी. गर्भावस्था के दूसरे महीने में अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि अमीना के गर्भ में चार बच्चे पल रहे हैं और सभी अलग-अलग थैली में मौजूद हैं. इसी कारण यह प्रेग्नेंसी हाई रिस्क कैटेगरी में शामिल हो गई थी.

 

डॉक्टरों ने शुरुआती दौर में फीटल रिडक्शन की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने सभी बच्चों को सुरक्षित रखने का फैसला लिया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमीना ने दो बेटों और दो बेटियों को जन्म दिया है. मां और सभी बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं.

 

एक साथ चार बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है. गांव के लोग भी इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग इस खबर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और बच्चों के स्वस्थ जीवन की कामना कर रहे हैं.

About The Author