Bilaspur Cyber Crime: ऑनलाइन शॉपिंग करना महिला को पड़ा महंगा, एक झटके में अकाउंट हुआ खाली
Bilaspur Cyber Crime: बिलासपुर बसंत विहार निवासी महिला के खाते से अचानक 1 लाख रुपए कम हो गए। महिला ने बैंक में पता किया तो पता चला कि खाते से केनरा बैंक के खाते में रुपए ट्रांसफर हो गए हैं।
Bilaspur Cyber Crime रायपुर। बिलासपुर बसंत विहार निवासी महिला के खाते से अचानक 1 लाख रुपए कम हो गए। महिला ने बैंक में पता किया तो पता चला कि खाते से केनरा बैंक के खाते में रुपए ट्रांसफर हो गए हैं। महिला ने सरकंडा थाने पहुंचकर बताया कि उसने इंस्टाग्राम से कपड़े खरीदने के लिए बार कोड के जरिए पेमेंट किया था। इसके बाद आरोपी ने उसकी आईडी ब्लॉक कर दी। पुलिस के मुताबिक बसंत विहार कॉलोनी निवासी शिवानी पति हर्षित सिंह (32) ने सरकंडा थाने पहुंचकर अपने खाते से 1 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई है।
वैसे तो ऑनलाइन शॉपिंग के लिए कई ऑनलाइन साइट्स हैं, लेकिन कई लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसी सोशल साइट्स से भी शॉपिंग करने लगे हैं। अगर आप भी ऐसे ही लोगों में से एक हैं तो आपको बेहद सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि इसी के चलते एक महिला के साथ धोखाधड़ी हो गई।
मैसेज आने पर हुआ खुलासा
शिवानी ने बताया कि 8 जुलाई को बैंक से मैसेज आने पर पता चला कि खाते से 97 हजार और 3 हजार की दो किस्तों में 1 लाख रुपए निकाले गए हैं। बैंक मैनेजर से बात करने पर पता चला कि केनरा बैंक के खाताधारक ने रुपए ट्रांसफर किए हैं। रुपए निकालने वाला व्यक्ति झारखंड के धनबाद जिले का रहने वाला है। शिवानी ने सरकंडा पुलिस को बताया कि उसने 5 जुलाई को इंस्टाग्राम वेबसाइट पर 1050 रुपए का कपड़ा खरीदा था। इंस्टाग्राम हैंडलर ने शिवानी की आईडी ब्लॉक कर दी और ऑर्डर किए गए कपड़े भी नहीं पहुंचे हैं।

