Sun. Jun 7th, 2026

वाई-फाई का सिग्नल फुल फिर भी इंटरनेट स्लो? कहीं आपका राउटर तो नहीं कर रहा ये 5 गलतियां

WiFi internet speed slow fix

नई दिल्ली। आज के समय में वाई-फाई हर घर और ऑफिस की जरूरत बन चुका है। चाहे ऑनलाइन पढ़ाई हो, वर्क फ्रॉम होम हो या फिर वीडियो स्ट्रीमिंग और गेमिंग, हर जगह तेज और स्थिर इंटरनेट जरूरी होता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि सिग्नल फुल दिखने के बावजूद इंटरनेट स्लो चलता है या बार-बार कट जाता है। ऐसे में समस्या सिर्फ इंटरनेट कंपनी की नहीं होती, बल्कि इसके पीछे कई तकनीकी कारण हो सकते हैं।

 

राउटर की जगह का सबसे बड़ा असर

वाई-फाई की क्वालिटी इस बात पर काफी निर्भर करती है कि राउटर कहां रखा गया है। अगर राउटर और आपके डिवाइस के बीच ज्यादा दूरी हो तो सिग्नल कमजोर हो जाता है। दीवारें, दरवाजे और बड़े फर्नीचर भी सिग्नल को रोक सकते हैं। राउटर जितना दूर होगा, सिग्नल की ताकत उतनी ही कम होगी। इसलिए राउटर को घर के बीच में ऐसी जगह रखना चाहिए जहां से सिग्नल सभी कमरों में आसानी से पहुंच सके। साथ ही राउटर को फर्श पर रखने से बचें, उसे थोड़ी ऊंचाई पर रखना ज्यादा प्रभावी होता है।

 

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी करते हैं इंटरफेयरेंस

घर में मौजूद कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी वाई-फाई सिग्नल को प्रभावित कर सकते हैं। माइक्रोवेव ओवन, कॉर्डलेस फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और कुछ वायरलेस गैजेट्स एक ही 2.4GHz फ्रीक्वेंसी पर काम करते हैं। इससे इंटरफेरेंस हो सकता है और स्पीड प्रभावित होती है। अगर राउटर इन डिवाइसों के पास रखा जाए तो इंटरनेट की स्पीड कम हो सकती है और कनेक्शन बार-बार टूट सकता है। कोशिश करें कि राउटर को माइक्रोवेव और रेफ्रिजरेटर जैसे उपकरणों से कम से कम तीन से चार फीट की दूरी पर रखें।

 

राउटर के एंटीना और सेटिंग्स में हो सकती है गड़बड़ी

कई बार समस्या राउटर के एंटीना या सेटिंग्स में भी हो सकती है। अगर एंटीना ढीला हो जाए या सही दिशा में न हो तो सिग्नल कमजोर हो जाता है। एक एंटीना वाले राउटर को खड़ी दिशा में रखना चाहिए ताकि सिग्नल चारों तरफ फैल सके। दो एंटीना होने पर एक को खड़ा और दूसरे को क्षैतिज दिशा में रखना सबसे अच्छा होता है।

 

ज्यादा डिवाइस कनेक्ट होने पर बंट जाती है स्पीड

अगर एक ही नेटवर्क से बहुत सारे डिवाइस जुड़े हों तो इंटरनेट की स्पीड सभी में बंट जाती है। जब एक साथ कई लोग वीडियो कॉल, गेमिंग या स्ट्रीमिंग करते हैं, तो बैंडविड्थ सभी में बांट दी जाती है। जिससे हर डिवाइस की परफॉर्मेंस कम हो जाती है। ऐसे में जरूरत से ज्यादा डिवाइस डिस्कनेक्ट कर दें या फिर हाई-स्पीड राउटर का इस्तेमाल करें।

 

राउटर का पुराना फर्मवेयर भी है समस्या

अक्सर लोग राउटर का फर्मवेयर अपडेट करना भूल जाते हैं। पुराने फर्मवेयर में कई बग हो सकते हैं जो परफॉर्मेंस को प्रभावित करते हैं। समय-समय पर राउटर के फर्मवेयर को अपडेट करते रहना चाहिए। इससे नई सुविधाएं मिलती हैं और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी दूर होती हैं।

 

क्या करें ताकि वाई-फाई स्पीड बढ़े?

सबसे पहले राउटर को घर के बीच में ऊंची जगह पर रखें। उसे दीवारों के पीछे या कोनों में न छिपाएं। अपने राउटर के फर्मवेयर को नियमित रूप से अपडेट करें। जरूरत से ज्यादा डिवाइस नेटवर्क से कनेक्ट न करें। अगर आप 5GHz बैंड को सपोर्ट करते हैं तो उसका इस्तेमाल करें क्योंकि यह कम भीड़भाड़ वाला होता है और तेज स्पीड देता है। इसके अलावा एक अच्छा राउटर भी जरूरी है। अगर आपका राउटर पुराना हो चुका है तो नया राउटर लेना ही बेहतर होगा। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने वाई-फाई की स्पीड को काफी हद तक बेहतर कर सकते हैं।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े