Mon. May 18th, 2026

चेपॉक में मौजूद होकर भी क्यों नहीं खेल रहे MS Dhoni? कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने तोड़ी चुप्पी

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में इस सीजन का आखिरी मैच खेलने उतरी है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ हो रहे इस मुकाबले में फैंस को पूरी उम्मीद थी कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी MS Dhoni को एक आखिरी बार पीली जर्सी में मैदान पर चौके-छक्के लगाते हुए देखेंगे। हालांकि, जब टॉस हुआ तो फैंस के हाथ एक बार फिर मायूसी लगी। धोनी स्टेडियम में टीम के साथ मौजूद तो हैं, लेकिन वे प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं हैं। उनके न खेलने को लेकर टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस के दौरान बड़ा बयान दिया है।

टॉस के वक्त कप्तान रुतुराज ने क्या कहा?

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस के समय जब रुतुराज गायकवाड़ से एमएस धोनी की उपलब्धता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्थिति साफ की। गायकवाड़ ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। पिच थोड़ी सूखी लग रही है और हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में भी पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी। जहाँ तक एमएस (धोनी) का सवाल है, वह अभी भी टीम के साथ डगआउट में मौजूद हैं, लेकिन वह इस मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।”

काफ इंजरी के कारण पूरे सीजन बाहर रहे MS Dhoni

दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी के लिए आईपीएल 2026 का यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। वह इस सीजन के पहले मैच से लेकर अब तक एक भी मुकाबले में मैदान पर नहीं उतर सके हैं। दरअसल, सीजन की शुरुआत में ही धोनी को काफ इंजरी (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव) हो गई थी, जिससे वे उबर नहीं पाए हैं।

हालांकि, इस पूरे सीजन के दौरान धोनी लगातार टीम के साथ यात्रा करते दिखे, नेट्स में पसीना बहाया और प्रैक्टिस सेशन में भी शामिल हुए, लेकिन मैच की परिस्थितियों के हिसाब से वह 100% मैच-फिट नहीं हो सके। चेन्नई के फैंस के लिए यह पहला ऐसा सीजन है, जहाँ वे पूरे टूर्नामेंट में एक बार भी ‘थाला’ को मैदान पर खेलते हुए नहीं देख पाए। इसके चलते सोशल मीडिया पर उनके संन्यास की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार है:

चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, स्पेंसर जॉनसन।

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।

About The Author

इन्हें भी पढ़े