जयपुर में ग्रामीणों ने CJP टीम को खदेड़ा, आशुतोष रांका के साथ धक्का-मुक्की का आरोप
जयपुर न्यूज़ : जयपुर के बागरू गांव में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनके साथियों को विरोध का सामना करना पड़ा। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और उन्हें वहां से भगा दिया। सीजेपी नेताओं का आरोप है कि ग्रामीणों ने आशुतोष रांका और उनकी टीम के साथ मारपीट भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।आशुतोष रांका और उनकी टीम गांव में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने के लिए गए थे, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और उन्हें गांव से बाहर निकाल दिया।
आशुतोष रांका की टीम ने जताया विरोध
जब आशुतोष रांका और उनके साथी गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। सीजेपी कार्यकर्ता शिवंगी शर्मा ने कहा, “उन्होंने हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया और हमें आतंकवादी या नक्सलवादी बताया। यह बाहरी-अंदरूनी वाली बात क्या है? यह तो हमारा ही देश है। हम किसी दूसरी पार्टी या दूसरे देश से नहीं आए हैं। हम अपने ही देश के बच्चों की बात कर रहे हैं।”बताया जा रहा है कि सीजेपी कार्यकर्ताओं के आने पर गांव के लोगों ने मुख्य रास्ते की घेराबंदी कर दी थी, वहां से आने जाने वाली गाड़ियों की चेकिंग भी की जा रही थी। ऐसे में जैसे ही रांका अपनी टीम के साथ पहुंचे तो उनका विरोध शुरू हो गया।
स्कूल के बाहर धरना, रास्ते पर लगाए ट्रैक्टर-ट्रॉली
यह घटना सुबह 8 बजे शुरू हुई जब कुछ सीजेपी कार्यकर्ता स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे। ग्रामीणों के साथ तीखी बहस के बाद कार्यकर्ताओं को गांव से भगा दिया गया। इससे नाराज होकर ग्रामीणों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मुख्य सड़क को अवरुद्ध कर दिया और वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की तलाशी लेने लगे।
आशुतोष रांका ने दी थी जानकारी
दरअसल, आशुतोष रांका ने बागरू विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बागरू गांव के सरकारी स्कूल का दौरा करने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि वे स्कूल की सुविधाओं और इमारत का जायजा लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का स्कूल जर्जर हालत में है, जिससे बच्चों को परेशानी हो रही है। वे इन समस्याओं के समाधान के लिए स्कूल का दौरा करेंगे। ऐसे में शुक्रवार की सुबह जब गांव में पहुंचे तो उनका विरोध किया गया और उनके साथियों के साथ धक्का-मुक्की की है। इससे पहले राजस्थान के शिक्षा विभाग की तरफ से सरकारी स्कूलों में मीडिया और आम जनता की बिना कोई वजह एंट्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। ऐसे में यह विवाद फिलहाल गर्माता जा रहा है। (एजेंसी)

