आधी रात दहला उत्तराखंड, उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत
उत्तरकाशी: रविवार और सोमवार की रात उत्तराखंड के उत्तरकाशी में अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 4.2 तीव्रता के तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके आते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल भागे। अधिकारियों ने बताया कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उत्तरकाशी के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक तड़के एक बजकर 21 मिनट 34 सेकंड पर भूकंप आया था। जिसका केंद्र दस किलोमीटर की गहराई में बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास रहा है।
उत्तरकाशी के इन इलाकों में लगे झटके
उत्तरकाशी, बरकोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालिसौर और डुंडा सहित यमुना घाटी के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात के अंधेरे में घरों के अचानक हिलने से दहशत फैल गई और दो-तीन मंजिला इमारतों के निवासी डर के मारे बाहर भाग निकले। उत्तरकाशी के अलावा, पुरोला, मोरी, चिन्यालिसौर, डुंडा और भटवाड़ी सहित यमुना घाटी और गंगा घाटी के कई हिस्सों में भी तेज झटके महसूस किए गए।जबकि पड़ोसी जिले टिहरी गढ़वाल में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र राजगढ़ी में जमीन से 10 फीट नीचे था। अधिकारियों ने बताया कि तहसीलदारों, पुलिस थाना-चौकी प्रभारियों, राजस्व उपनिरीक्षकों और ग्राम प्रधानों से जानकारी ली गयी है और फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
उत्तराखंड के जोन-5 में आता है यह इलाका
चिंता की बात यह है कि उत्तरकाशी का यह इलाका उत्तराखंड के जोन 5 में आता है। भूवैज्ञानिकों के अनुसार, पर्वत का यह हिस्सा भूकंपीय गतिविधि के प्रति अत्यधिक संवेदनशील माना जाता है। इस क्षेत्र के नीचे सक्रिय फॉल्ट लाइन के कारण लगातार तनाव बना रहता है, जो छोटे और मध्यम भूकंपों के रूप में प्रकट होता है। हालांकि इन झटकों से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आधी रात को आए भूकंप ने स्थानीय निवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया।(एजेंसी)

