जयपुर में NTA सेंटर पर छात्रों का हंगामा, बिजली गुल होने से छूटी परीक्षा
NTA AIAPGET exam : जयपुर के सत्य साईं कॉलेज में ऑल इंडिया आयुष PG एंट्रेंस एग्ज़ाम के दौरान बिजली चली जाने से अफरातफरी मच गई। NTA की ओर से ऑनलाइन आयोजित इस परीक्षा में कुछ उम्मीदवार अपने पेपर अधूरे छोड़कर ही बाहर निकल गए। परीक्षा का पहला सेशन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होना था, लेकिन सुबह 10:15 बजे बिजली गुल हो गई।बिजली नहीं आने के कारण परीक्षा प्रभावित हुई। पहली पारी में बिजली गुल होने के बावजूद व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी, जिसका असर दूसरी पारी की परीक्षा पर भी पड़ा। दूसरे सेशन में भी भारी लापरवाही देखने को मिली। बिजली जाने की वजह से ऑनलाइन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। उम्मीदवारों को दोपहर 1:00 बजे से 2:30 बजे के बीच अंदर बुलाया जाना था, लेकिन वे लगभग 3:00 बजे तक अभ्यर्थी बाहर बैठे रहे।
जनरेटर से भी नहीं बना काम
हैरानी की बात है कि बिजली जाने पर कॉलेज का जनरेटर चालू करने की कोशिश की गई, लेकिन उसमें डीजल नहीं था। इसके बाद दूसरा जनरेटर लाया गया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह भी चालू नहीं हो सका। फिर तीसरा जनरेटर मंगाया गया, फिर भी बिजली की सप्लाई अभी तक बहाल नहीं हो पाई है।
आयुष डॉक्टरों के पीजी एडमिशन के लिए होती है परीक्षा
AIAPGET का आयोजन आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी में पोस्टग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए किया जाता है। यह परीक्षा NTA द्वारा आयोजित की जाती है और साल में एक बार कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होती है। इसमें 120 मल्टीपल-चॉइस सवाल होते हैं और कुल 480 मार्क्स होते हैं। हर सही जवाब के लिए चार मार्क्स मिलते हैं, जबकि हर गलत जवाब के लिए एक मार्क काटा जाता है (नेगेटिव मार्किंग)। परीक्षा का समय दो घंटे का होता है।
दोबारा परीक्षा आयोजित होगी
NTA ने जयपुर के श्री सत्य साईं PG कॉलेज में बिजली जाने से प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। NTA के एक बयान में बताया गया है कि 22 अगस्त को देश भर के 200 सेंटरों पर AIAPGET परीक्षा की पहली शिफ्ट में 35,837 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 35,788 ने परीक्षा पूरी की। हालांकि, जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर परीक्षा में शामिल 192 अभ्यर्थियों में से 49 अभ्यर्थी बिजली गुल होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके। NTA ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि इन 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमन, जयपुर में आयोजित की जाएगी। इससे जुड़ी आगे की जानकारी संशोधित एडमिट कार्ड के जरिए दी जाएगी। (एजेंसी)

