उन्नाव मर्डर मिस्ट्री: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर ली दूसरे पति की जान, संदूक में हाईवे पर फिंकवाया शव
उन्नाव। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में सामने आए दिल दहला देने वाले हत्याकांड की गुत्थी को उन्नाव पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। शराब की लत और आए दिन होने वाली घरेलू कलह से तंग आकर एक महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर दूसरे पति की हत्या कर दी और वारदात को छिपाने के लिए लाश को बक्से में बंद कर हाईवे के किनारे फिंकवा दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी, उसके साथी और शव ठिकाने लगाने में शामिल अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हाईवे किनारे संदिग्ध बक्से से मिला था शव
वारदात का खुलासा तब हुआ जब बीती रात पुलिस को लाल खेड़ा पुलिस चौकी के निकट हाईवे पर लावारिस हालत में पड़ा एक बड़ा लोहे का बक्सा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब बॉक्स को खोला तो अंदर 27-28 वर्षीय युवक का शव और घरेलू सामान भरा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल पांच जांच टीमें गठित कीं। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के दौरान एक लोडर वाहन संदिग्ध अवस्था में बक्सा उतारते हुए नजर आया।
1200 रुपये में लोडर बुक कर सुनसान इलाके में फेंका
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने लोडर चालक और उसके मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। चालक ने खुलासा किया कि एक महिला ने सामान ले जाने के नाम पर 1200 रुपये में लोडर किराए पर लिया था और बक्से को सुनसान स्थान पर उतरवा दिया था। इस इनपुट के मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी महिला नेहा को उसके साथी राहुल और मदद करने वाले लेबर के साथ दबोच लिया।
रोज का झगड़ा और सिलबट्टे से खूनी वार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नेहा ने पहली शादी करीब 28 वर्ष पहले की थी, जिससे उसकी चार बेटियां हैं जो पहले पति के पास रहती हैं। लगभग 8 वर्ष पहले वह सोनू नामक युवक के संपर्क में आई और दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। दोनों का एक 5 वर्ष का बेटा भी है। पूछताछ में नेहा ने बताया कि सोनू अत्यधिक शराब पीकर रोज उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। रोज-रोज की प्रताड़ना से आजिज आकर उसने सोनू को रास्ते से हटाने की साजिश रची और करीब 5000 रुपये देकर योजना को अंजाम दिया।
आरोपियों ने घर में सिलबट्टे से सोनू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और फिर शव को संदूक में बंद कर ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

