बैंकिंग सेक्टर में युवाओं के लिए बड़ा मौका, यूनियन बैंक में निकली 1865 अप्रेंटिस भर्ती
बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है। Union Bank of India
ने देशभर में 1865 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। भर्ती प्रक्रिया फिलहाल जारी है और उम्मीदवार 19 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैंक की ओर से जारी सूचना के मुताबिक आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को जल्द फॉर्म भरने की सलाह दी गई है। यह भर्ती खासकर उन अभ्यर्थियों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है जो बैंकिंग सेक्टर में अनुभव हासिल कर भविष्य में बेहतर अवसर पाना चाहते हैं।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसमें सामान्य जागरूकता, वित्तीय ज्ञान, अंग्रेजी, गणितीय क्षमता और कंप्यूटर से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को लोकल लैंग्वेज टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को एक वर्ष तक अप्रेंटिसशिप कराई जाएगी। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में 15 हजार रुपये प्रतिमाह, शहरी क्षेत्रों में 18 हजार रुपये और मेट्रो शहरों में 20 हजार रुपये प्रति माह स्टाइपेंड निर्धारित किया गया है।

