पालघर में देर रात दो बार भूकंप के झटके, जान-माल का नुकसान नहीं
Earthquake: मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक घंटे के अंदर रिक्टर स्केल पर 3.4 तीव्रता वाले भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पहला झटका सोमवार रात 10:04 बजे महसूस किया गया और उसके बाद रात 11:00 बजे उसी तीव्रता का दूसरा भूकंप आया।
जमीन से पांच किमी नीचे थे भूकंप का केंद्र
जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि जव्हार तालुका में जमीन के नीचे पांच किलोमीटर की गहराई पर भूकंपीय हलचल हुई। अधिकारियों ने बताया कि झटकों से स्थानीय लोगों में घबराहट तो हुई, लेकिन जिले में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। कदम ने आगे कहा कि स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
पिछले महीने भी पालघर में भूकंप के तीन झटके किए गए थे महसूस
महाराष्ट्र के तटीय इलाके में स्थित पालघर में पिछले कुछ सालों से हल्के झटके महसूस किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षा के तय नियमों का पालन करने की अपील की है। पिछले महीने भी पालघर जिले में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए थे। यह जिला मुंबई से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है। (एजेंसी)

