कौशांबी में ट्रिपल मर्डर की घटना,आक्रोशित परिजनों ने फूंके आधा दर्जन घर
उत्तरप्रदेश। भूमि विवाद को लेकर गुरुवार की रात कौशांबी में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। झोपड़ी में सो रहे बेटी दामाद और ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने जमकर बवाल किया। कई घरों को आग के हवाले कर दिया है। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई है।
संदीपन घाट कोतवाली के पंडा चौराहा में गुरुवार की रात झोपड़ी मे सो रहे ससुर, दामाद और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने पड़ोस के दर्जन भर घरों में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। सूचना के बाद चायल और सिराथू सीओ कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर हालात को काबू करने में लगे हैं। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।

क्या है मामला
पड़ोसियों और रिश्तेदार ने बताया कि 54 बीघा की सरकारी जमीन पर गांव के कुछ लोगों का कब्जा है। उसी जमीन में एक बीघे पर होरीलाल का भी कब्जा था। वहीं, होरीलाल के पड़ोसी भी इसी जमीन पर कब्जा बता रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था।

छबिलवा निवासी होरीलाल (62) की पंडा चौराहा पर मौजूद जमीन का आसपास के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। होरीलाल ने विवादित भूमि पर झोपड़ी डालकर अपना कब्जा कर रखा है। कोखराज कोतवाली के कंकराबाद में ब्याही बेटी बृजकली (22) व दामाद शिवसागर(26) भी इसी झोपड़ी में रहते थे। शिवसागर ने पास में ही किराए की दुकान लेकर सहज जन सेवा केंद्र खोल रखा था।होरीलाल ने इस मामले में क्षेत्रीय सांसद विनोद सोनकर से मुलाकात की थी। सांसद ने होरीलाल को कब्जा दिलवाने का आश्वासन भी दिया था। इसी बात को लेकर पड़ोसी से कल शाम को विवाद भी हुआ था।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई । एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फोर्स मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का वाजिब कारण पता लग जाएगा। फिलहाल भूमि संबंधी विवाद का मामला पता चल रहा है।

