TRAI Recharge Rules 2026: टेलीकॉम कंपनियों को लाने होंगे बिना डेटा वाले सस्ते रिचार्ज, जानिए क्या होगा फायदा
TRAI Recharge Rules 2026: मोबाइल यूजर्स के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने एक नया और सख्त नियम जारी किया है, जिसके तहत जियो (Jio), एयरटेल (Airtel), वोडाफोन-आइडिया (Vi) और अन्य टेलीकॉम कंपनियों को अब बिना डेटा वाले यानी केवल कॉल और एसएमएस (Voice and SMS-only) के विकल्प अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने होंगे।
क्या है TRAI का नया नियम?
मौजूदा समय में ज्यादातर टेलीकॉम कंपनियों के लोकप्रिय प्लान्स में कॉलिंग, एसएमएस और डेटा तीनों बंडल होते हैं। ऐसे में जिन ग्राहकों को सिर्फ कॉल करनी होती है या जो इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते (जैसे बुजुर्ग, फीचर फोन यूजर्स या वाई-फाई इस्तेमाल करने वाले), उन्हें भी मजबूरन डेटा वाले महंगे प्लान्स खरीदने पड़ते हैं।
इस समस्या को दूर करने के लिए TRAI ने ‘टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन’ के तहत निर्देश दिया है कि यदि कोई कंपनी किसी खास अवधि (जैसे 28 दिन या 30 दिन) का डेटा-बंडल प्लान बेचती है, तो उसे उसी अवधि के लिए बिना डेटा वाला वॉइस और एसएमएस-ओनली विकल्प भी देना होगा।
कीमतों में होगी उचित कटौती:
TRAI ने स्पष्ट किया है कि इन बिना डेटा वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) की कीमतें डेटा वाले प्लान्स से कम होनी चाहिए। हालांकि रेगुलेटर ने कोई फिक्स कीमत तय नहीं की है, लेकिन कंपनियों को प्लान से डेटा हटाने के बाद उसकी कीमत में उचित कमी करनी होगी। इसके अलावा, कंपनियों को कम से कम एक लंबी वैलिडिटी (जैसे 365 दिन तक) वाला वॉइस-ओनली प्लान भी देना होगा।
बिलिंग साइकिल में भी बदलाव:
नियमों के मुताबिक, कंपनियों को ऐसा वॉइस-ओनली प्लान भी देना होगा जिसे हर महीने एक निश्चित तारीख पर रिन्यू किया जा सके, जिससे ग्राहक 28 दिन वाले बार-बार के रिचार्ज के झंझट से बच सकें। यह नियम ऑफिशियल गजट में पब्लिश होने के 30 दिन बाद प्रभावी होगा।

