Fri. Aug 21st, 2026

होमवर्क नहीं किया तो टीचर ने मारा थप्पड़! 6 साल के बच्चे की मौत, CCTV से खुलासा

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक प्राइवेट स्कूल में कथित तौर पर टीचर की प्रताड़ना और थप्पड़ मारने के कारण 6 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चे की पहचान प्रणय तेजा के रूप में हुई है।

क्लासरूम का खौफनाक CCTV फुटेज आया सामने

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला विशाखापत्तनम के वन टाउन इलाके में स्थित ‘लिटिल गार्डन स्कूल’ का है। मासूम प्रणय तेजा स्कूल गया था, जहाँ क्लासरूम के दौरान उसने अपना होमवर्क पूरा नहीं किया था। इसी बात से नाराज होकर टीचर ने उसे बेरहमी से एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। घटना का क्लासरूम में लगा सीसीटीवी फुटेज तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि टीचर के थप्पड़ मारते ही बच्चा अचकचा कर टीचर की गोद में ही बेजान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजनों का आरोप है कि टीचर के थप्पड़ की गूंज और उसके खौफ से मासूम इतना अधिक डर गया था कि उसे गहरा सदमा (दशत) लगा, जिससे उसे कथित तौर पर दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ गया। तबीयत बिगड़ने पर स्कूल प्रशासन आनन-फानन में बच्चे को नजदीकी किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) लेकर पहुँचा, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य मानकर गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं बच्चे की सेहत पहले से तो खराब नहीं थी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर स्कूलों में शिक्षकों द्वारा बच्चों पर की जाने वाली शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author