Sat. Jul 18th, 2026

सनी देओल का फिर दिखा एक्शन अवतार, ‘बंटवारा 1947’ के दूसरे टीजर ने मचाई धूम

Batwara 1947 Teaser 2 release: सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी स्टारर फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर शनिवार को रिलीज किया गया। जानिए कि इस टीजर में क्या खास है और फिल्म कब रिलीज होगी। ‘बंटवारा 1947’ को इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। इस फिल्म को लेकर फैन्स में जबरदस्त उत्साह है। यह फिल्म हिम्मत, त्याग और कभी न हार मानने वाले इंसानी जज्बे की कहानी है। मेकर्स ने अब दूसरा टीजर रिलीज करके फैन्स को एक खास तोहफा दिया है।

क्या है टीजर में खास?

टीजर की शुरुआत कई इमोशनल दृश्यों से होती है, जिनमें आम लोगों पर हमले, आगजनी और ज़ुल्म के दृश्य दिखाए गए हैं। शुरुआती दृश्यों में प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी के किरदार नजर आते हैं, जो इन अत्याचारों से परेशान दिखते हैं। हालांकि, इसके बाद सनी देओल का एक दमदार डायलॉग आता है, जो टीजर के इमोशनल माहौल को पूरी तरह से बदल देता है।सनी कहते हैं- ‘डर रहा है इंसान, मर रहा है इंसान, और मैं…जीते जी मरना नहीं चाहता। मैं जिंदा हूं और जिंदा होने का सबूत दूंगा।’ इस डायलॉग के साथ सनी देओल दमदार एक्शन सीन्स करते नजर आते हैंं।

टीजर एक ऐसे निडर हीरो की झलक दिखाता है जो बहुत हिम्मत और पक्के इरादे के साथ नफरत का डटकर सामना करता है। यह भारतीय इतिहास के एक अहम अध्याय बंटवारे के दौर को शानदार ढंग से दिखाता है। यह उन दर्दनाक घटनाओं की याद दिलाता है जिन्होंने दो देशों को अलग कर दिया और लाखों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। फिल्म का टीजर वाकई दिल को छू लेने वाला है।

किस पर आधारित है फिल्म ‘बंटवारा 1947’

सनी देओल की यह फिल्म असगर वजाहत के मशहूर नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्या ए नई’ पर आधारित है, जो 1947 में भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के दर्द को दिखाती है। इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है और गाने के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। स्टार कास्ट और रिलीज की तारीख की बात करें तो, सनी देओल ‘बंटवारा 1947’ में सिकंदर मिर्जा का किरदार निभा रहे हैं। सनी के अलावा, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी इस फिल्म में नजर आएंगे। ‘बंटवारा 1947’ इस साल 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है। (एजेंसी)

 

About The Author