श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट को CEO पद के लिए रिकॉर्ड आवेदन, 24 घंटे में पार 1000 का आंकड़ा
Ram Mandir CEO News: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के महज 24 घंटों के भीतर ही 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर का नाम भी शामिल है। परम पूजनीय भगवान राम की नगरी अयोध्या में निर्मित भव्य और दिव्य राम मंदिर के पहले सीईओ बनने की होड़ शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात तक तीन सदस्यीय समिति द्वारा जारी ईमेल आईडी पर सीईओ पद के आवेदनों के लिए एक हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई शाम 4 बजे है। इसलिए, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस तिथि तक हजारों लोग राम मंदिर के सीईओ बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
रामलला चढ़ावा चोरी विवाद के बाद, ट्रस्ट अपनी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में ट्रस्ट ने अपनी वेबसाइट पर सीईओ पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। सूत्रों के अनुसार, आवेदन करने वालों में प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमि के लोग, सामाजिक संगठनों के अनुभवी कार्यकर्ता और आरएसएस तथा विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कुछ अधिकारी शामिल हैं।
सीईओ के चयन के लिए 3 सदस्यीय कमेटी का गठन
दरअसल, राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर हाल ही में हुए हंगामे के बाद, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा को ट्रस्ट से हटाने और राम मंदिर के पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एक सीईओ नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। CEO चयन के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिर्डी साई बाबा धाम का कई वर्षो तक प्रबंधन देखने वाले सुरेश हावरे की 3 सदस्यीय कमेटी का भी गठन कर दिया गया था।
छंटनी फिर होगा इंटरव्यू
सोमवार को भर्ती अधिसूचना जारी होने के 24 घंटों के भीतर ही 750 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए और अब यह संख्या 1000 से अधिक हो गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई, शाम 4 बजे है। इसलिए, यह उम्मीद की जा रही है कि अंतिम तिथि तक राम मंदिर के सीईओ पद के लिए हजारों लोग आवेदन कर सकते हैं। ऐसे में 19 जुलाई वो चयन समिति पात्र आवेदको के आवेदन की निर्धारित पात्रता के आधार पर छटनी करेगी और फिर उनका ऑनलाइन इंटरव्यू शेड्यूल भी निर्धारित किया जायेगा, जिसके बाद किसी एक पात्र आवेदक का चयन कर उसे राम मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी सौपी जाएगी।
यदि आवेदन इसी गति से आते रहे तो उनकी जांच और चयन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता पड़ सकती है। माना जा रहा है कि नए सीईओ के चयन पर अंतिम निर्णय 22 जुलाई को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में लिया जा सकता है।(एजेंसी)

