भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद पर आया शशि थरूर का बयान, बोले- ‘यह बेहद शर्मनाक है’
पाकिस्तान ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। इस मुद्दे पर बयान देते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस घटना को शर्मनाक बताया है।
युद्ध से लेकर खेल और हर मोर्चे पर भारत से मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। अब पाकिस्तान ने नया पैंतरा खेला है। पाकिस्तान ने कहा है कि वह आगामी ICC टी20 विश्व कप 2026 में भाग तो लेगा लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच आगामी 15 फरवरी को होने वाला था। पाकिस्तान के इस ऐलान को लेकर तरह-तरह के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। वहीं, अब कांग्रेस पार्टी के सांसद शशि थरूर ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है।
क्या बोले शशि थरूर?
भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार किए जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा- “यह बेहद शर्मनाक है कि खेल का दोनों पक्षों द्वारा इस तरह से राजनीतिकरण किया गया है। मुझे नहीं लगता कि बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता में खेलने का अनुबंध रद्द किया जाना चाहिए था। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहा है। यह पूरा मामला नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है। मुझे लगता है कि हमें वास्तव में यह समझने की जरूरत है कि खेल, विशेष रूप से क्रिकेट जैसा खेल, जिसका सभी लोगों के लिए इतना महत्व है, कम से कम खेल के मैदान पर हमें एकजुट करने का एक माध्यम होना चाहिए, न कि इसे इस तरह चलने देना चाहिए। मुझे ईमानदारी से लगता है कि अब सभी संबंधित पक्षों के लिए एक चेतावनी है कि वे आपातकालीन आधार पर एक-दूसरे से संपर्क करें, आईसीसी इसके लिए मंच हो सकता है – बस कहें, चलो इस बकवास को खत्म करते हैं… आप नहीं जा सकते। यह सिलसिला हमेशा ऐसे ही चलता रहेगा।”
भारत ने क्यों मना नहीं किया- इमरान प्रतापगढ़ी
पाकिस्तान द्वारा ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, “पाकिस्तान मना कर रहा है। मुझे हैरत है कि भारत ने क्यों मना नहीं किया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दुबई में वो मैच क्यों खेला गया? BCCI ने क्यों खेला? आप आगे बढ़कर क्यों नहीं कहते? आतंकी घटनाओं में बार-बार हमारे जवान शहीद होते हैं, नागरिक शहीद होते हैं उसके बाद क्रिकेट खेलने की जरूरत क्या है? सीधे मना करिए, बिल्कुल नहीं खेलिए।”
हम ICC से पूरी तरह सहमत हैं- राजीव शुक्ला
पाकिस्तान के ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के बयान पर BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा- “ICC का बयान आया है जिसमें उन्होंने खेल भावना को लेकर कहा है। हम ICC से पूरी तरह सहमत हैं। BCCI इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी। जब तक ICC से हमारी बात ना हो जाए।”
पाकिस्तानी रण छोड़कर भाग गए हैं- शशांक मणि
भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा, “जब किसी खिलाड़ी को पता चल जाता है कि वो जीत ही नहीं पाएगा तब रण छोड़कर भाग जाता है। ये रण छोड़कर भाग गए हैं। इन्हें हमें ऑपरेशन सिंदूर में और अन्य युद्धों में पराजित किया ऐसे ही यहां भी पराजित हो जाएंगे इसलिए खेल ही नहीं रहे।”
देश के सम्मान से समझौता नहीं हो- इमरान मसूद
ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार करने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “भारत उनके खिलाफ खेलने के बारे में सोच भी क्यों रहा है? BCCI को इस बारे में सोचना चाहिए और देश के सम्मान से समझौता नहीं करना चाहिए। जब हमने एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साइन किया था, तो हंगामा हुआ था और आप पाकिस्तानियों के साथ मैच क्यों खेलना चाहते हैं? हमें नहीं खेलना चाहिए। हमने यह पहले दिन से कहा है। हमारे उनके साथ कोई संबंध नहीं होने चाहिए। हमें शुरू से ही मना कर देना चाहिए था। हमें शुरू से ही यह बिल्कुल साफ कर देना चाहिए था।”

