Sun. Sep 13th, 2026

सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: 30 हजार का इनामी शिवांजय राजपूत शॉर्ट एनकाउंटर में घायल

सागर/भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहुचर्चित बंडा जहरीली शराब कांड में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ताओं के खिलाफ शिकंजा और कस दिया है। बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला जंगल में पुलिस और 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। शिवांजय बंडा में 30 से अधिक लोगों की जान लेने वाले जहरीली शराब कांड का प्रमुख आरोपी है।

पुलिस पर दागे 3 राउंड, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी

पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शिवांजय कठुआ नाला के बीहड़ जंगलों में छिपकर भागने की फिराक में है। जब पुलिस बल ने घेराबंदी की, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और तीन राउंड गोलियां चलाईं।

पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घटनास्थल से तलाशी के दौरान पुलिस ने एक 315 बोर का देसी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 चले हुए खाली खोखे बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उसका इलाज जारी है।

लगातार दूसरा एनकाउंटर

सागर पुलिस का जहरीली शराब सिंडिकेट के खिलाफ यह दूसरा शॉर्ट एनकाउंटर है। इससे पहले भी इस गिरोह के एक अन्य प्रमुख सदस्य रवि लखेरा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पैर में गोली लगने पर गिरफ्तार किया था। मामले में लिप्त अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

‘अपराधियों पर सख्ती जारी रहेगी’: सीएम मोहन यादव

मुठभेड़ के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कानून-व्यवस्था पर सरकार का रुख दोहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों और ऐसे जघन्य अपराधों के प्रति शासन की नीति जीरो टॉलरेंस की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सागर के अंदर हमारी पुलिस और प्रशासन लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है। आज भी एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर हुआ है। यह हमारी स्पष्ट प्रतिबद्धता है कि कानून-व्यवस्था को लेकर हम बिल्कुल भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। होने वाली हर आपराधिक घटना पर हमारी यह कठोरता आगे भी जारी रहेगी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े