Fri. Aug 14th, 2026

छेड़खानी का विरोध करना पड़ा भारी, मनचलों ने दादी पर चढ़ा दी बोलेरो

Nawada News: अपनी पोती को बचाने के लिए दादी ने सड़क के बीचों बीच मनचलों का सामना किया। मनचलों नेबच्ची को जबरदस्ती गाड़ी में खींचने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन दुख की बात यह है कि मनचलों ने दादी को बोलेरो से कुचलकर मार डाला। यह घटना नवादा जिले के हिसुआ पुलिस स्टेशन के तुंगी बाजार में घटी। यहां दो मुहानी के पास एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। सफेद बोलेरो में सवार मनचलों ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरदस्ती गाड़ी में खींचने की कोशिश की।

जब दादी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें अपनी गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। क्रोधित ग्रामीणों ने एनएच-82 को चार घंटे तक जाम कर दिया, जिससे राहगीरों को भारी असुविधा हुई। आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पोती के लिए मनचलों से भीड़ गई दादी

तुंगी बाजार, हिसुआ पुलिस थाना क्षेत्र में डाकघर के पास, मनचलों ने एक दादी को बोलेरो से कुचल दिया, जब उन्होंने अपनी पोती के साथ हुई छेड़छाड़ का विरोध किया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान विद्या देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई, जो लटावर निवासी नवल सिंह की पत्नी थीं। इस घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने गया-नवादा मार्ग पर एनएच 82 को लगभग चार घंटे तक जाम कर दिया।

विद्या देवी अपनी 18 वर्षीय पोती के साथ तुंगी बाजार गई थीं। तभी कुछ लोग एक सफेद बोलेरो में आए और उन्होंने पोती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने की कोशिश की। उन्होंने युवती को जबरन बोलेरो में बैठाने लगे। जब उनकी दादी ने विरोध किया, तो उन लोगों ने तेज रफ्तार से बोलेरो चलाई और उन्हें कुचल दिया। आसपास के लोगों के सहयोग से महिला को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मनचलों ने दादी को रौंद कर मार डाला

इसी बीच, लोगों ने बोलेरो का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। हालांकि, गाड़ी में सवार सभी मनचले भाग निकले। बोलेरो तुंगी चक निवासी सौरभ चौधरी के नाम पर पंजीकृत है। क्रोधित भीड़ ने तुंगी दो मुहानी के पास एनएच 82 गया-नवादा रोड को जाम कर दिया। थाना अधिकारी मृत्युंजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। लगभग चार घंटे के प्रयास के बाद, लोगों का गुस्सा शांत हुआ। हादसे में महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। अपनी आंखों के सामने दादी की हृदयविदारक मौत को देख पोती डरी-सहमी दिखी। इधर, आक्रोशित लोगों का कहना है कि बोलेरो सवार सभी मनचले तुंगी चक के ही रहने वाले हैं और सभी शराब धंधे से भी जुड़े हुए हैं। जिसके खौफ से हर कोई वाकिफ है। (एजेंसी)

About The Author