Mon. Oct 5th, 2026

IT कार्रवाई के बीच रकुल प्रीत सिंह का बयान, मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से किया इनकार

Rakul Preet On Income Tax Raid: हाल ही में, मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह और उनके ससुर वाशु भगनानी से जुड़ी 12 जगहों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कोई बयान जारी नहीं किया, लेकिन 35 साल की एक्ट्रेस ने एक हफ्ते बाद इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। ‘रामायणम पार्ट 1’ में शूर्पणखा का रोल निभा रहीं रकुल ने सोमवार सुबह X और Instagram पर एक पोस्ट शेयर करके सफाई दी। दो टूक शब्‍दों में कहा है क‍ि वह नियम‍ित तौर पर इनकम टैक्‍स भरती हैं और उनका किसी भी विदेशी लेन-देन से कोई नाता नहीं है। यही नहीं, एक्‍ट्रेस ने यह भी कहा है कि वह सैन्‍य अध‍िकारी की बेटी हैं और इंडस्‍ट्री में उनका कोई ‘गॉडफादर’ नहीं है, उन्‍होंने जो भी मुकाम बनाया है, वह कड़ी मेहनत के बूते है।

28 सितंबर को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मुंबई में रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियो से जुड़ी 12 जगहों पर छापेमारी की। यह सर्च ऑपरेशन संदिग्ध वित्तीय गड़बड़ियों की जानकारी मिलने के बाद शुरू किया गया था। जांच अधिकारियों को शक है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के नाम पर कथित तौर पर विदेश में पैसे भेजे जा रहे थे। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह ऑपरेशन मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले से जुड़ा था।

रकुल प्रीत सिंह बोलीं- छापेमारी मुझसे जुड़ी नहीं थी

इस घटनाक्रम के कुछ ही समय बाद यह खबर आई कि वाशु भगनानी लंदन में थे और बीमार पड़ गए, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब रकुल प्रीत सिंह ने X पर एक विस्तृत बयान जारी किया है। उन्होंने लिखा है कि खुद को ऑनलाइन रिपोर्टर कहने वालों और कुछ मुख्यधारा के मीडिया पत्रकारों के बीच बिना तथ्यों की पुष्टि किए खबरों को सनसनीखेज बनाने का बढ़ता चलन देखना बेहद निराशाजनक है। इसलिए, आइए इस मामले को एक बार और हमेशा के लिए साफ कर दें। इनकम टैक्स की तलाशी (छापेमारी) मुझसे जुड़ी नहीं थी।’

रकुल ने खुद को बताया ‘जिम्‍मेदार नागरिक’, कहा- मेरा कोई गॉडफादर नहीं

रकुल प्रीत सिंह ने आगे लिखा, “मैं यह बताना चाहूंगी कि मैं आर्म्ड फोर्सेज (सशस्त्र बलों) के बैकग्राउंड से आती हूँ और इंडस्ट्री में मेरा कोई ‘गॉडफादर’ नहीं था। मैंने कड़ी मेहनत से अपनी एक अलग पहचान बनाई है और एक जिम्मेदार व कानून का पालन करने वाली नागरिक के तौर पर, मैं 20 साल की उम्र से ही अपना टैक्स भर रही हूं।”

रकुल प्रीत सिंह ने कहा- मैं क‍िसी गैर-कानूनी विदेशी लेन-देन का हिस्‍सा नहीं

रकुल प्रीत सिंह, जिन्होंने यारियां फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, कहती हैं, “मैं व्यक्तिगत रूप से या किसी प्रोडक्शन हाउस के जरिए किसी भी तरह के गैर-कानूनी विदेशी वित्तीय लेन-देन में शामिल नहीं हूँ। मैं यह भी बताना चाहती हूं कि मेरे पास भारत या विदेश में किसी के भी नाम पर कोई बेनामी (प्रॉक्सी के जरिए रखी गई) संपत्ति नहीं है। न तो मुझे कभी किसी ने कोई संपत्ति तोहफे में दी है, और न ही मैं सिद्धांत के तौर पर ऐसे महंगे तोहफे स्वीकार करती हूँ।”

एक्‍ट्रेस ने आख‍िर में लोगों से की अपील

एक्ट्रेस अपनी बात खत्म करते हुए लिखती हैं, “मैं उन सभी लोगों से अपील करती हूं जिन्होंने ये झूठी, दुर्भावनापूर्ण और अटकलों पर आधारित खबरें छापी हैं, कि वे इन्हें वापस लें और सच बताएं। मैं समझती हूं कि मीडिया का बिजनेस चलाने वाले हर व्यक्ति को—चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो—कमर्शियल दबाव का सामना करना पड़ता है। लेकिन ऐसा सच की कीमत पर नहीं होना चाहिए। और निश्चित रूप से किसी की प्रतिष्ठा और आजीविका की कीमत पर तो बिल्कुल नहीं।”

इनकम टैक्‍स विभाग ने छापेमारी क्‍यों की थी?

इससे पहले, ‘TV9’ की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की कई टीमों ने रकुल प्रीत और वाशु भगनानी से जुड़ी 12 जगहों पर छापेमारी की और दस्तावेजों व वित्तीय रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल की। ​​इस कार्रवाई के दौरान कथित विदेशी लेन-देन से जुड़ी जानकारी की भी जांच की गई। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को कुछ समय से यह जानकारी मिल रही थी कि फिल्म की शूटिंग, विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के नाम पर बड़ी रकम विदेश भेजी जा रही थी।

वाशु भगनानी कौन हैं?

दिल्ली में जन्मी रकुल प्रीत सिंह ने वाशु भगनानी के बेटे जैकी भगनानी से शादी की है। वाशु भगनानी ‘पूजा फिल्म्स’ नाम से एक प्रोडक्शन कंपनी चलाते हैं। उनके पास ‘पैनोरमा स्टूडियोज’ नाम का प्रोडक्शन बैनर भी है, जिसने अजय देवगन की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी समेत कई हिट फिल्में बनाई हैं। (एजेंसी)

 

About The Author