IVF सेंटर में भर्ती महिला की मौत, चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप
Raipur News: टेस्ट ट्यूब बेबी की चाहत में रायपुर के इंदिरा IVF सेंटर में भर्ती हुई महिला की मौत, परिजनों ने इंदिरा IVF सेंटर के डॉक्टर और प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप।
Raipur News रायपुर। टेस्ट ट्यूब बेबी की चाह में पंडरी स्थित इंदिरा IVF सेंटर में भर्ती महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने सेंटर के(अस्पताल) चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
राजनांदगांव के लखौली की रहने वाली नीलम साहू को शादी के 5 वर्ष बाद भी कोई संतान नही थी। तीन बार उसका गर्भपात चौथे- पांचवे माह में हो जाता था, तब नीलम साहू एवं पति मनोज साहू ने IVF सेंटर से संपर्क साधा। मनोज साहू सेंटर वालों ने टेस्ट ट्यूब बेबी सिस्टम अपनाकर संतान लेने का सुझाव दिया था। जिस पर दोनों पति-पत्नी रायपुर शुक्रवार को यानी 19 अप्रैल की सुबह अस्पताल पहुंचे।
साहू के अनुसार इंदिरा IVF सेंटर के चिकित्सकों ने पत्नी नीलम साहू को भर्ती कर लिया। पूर्वान्ह 10 बजे एक महिला चिकित्सक यह कहते हुए नीलम साहू को ऑपरेशन थियेटर (ओटी) ले गई कि गर्भाशय का परदा हटाना है। छोटा सा आपरेशन है। एक- डेढ़ घंटे में हो जायेगा। महिला का देवर भी साथ आया था। देवर रूपेंद्र साहू के अनुसार दोपहर 1 बजे के करीब उन्हें ओटी में बुलाया गया तो उसने देखा कि भाभी नीलम साहू की जीभ बाहर निकली हुई है। मॉनिटर पर सब कुछ जीरो था। रूपेंद्र साहू के अनुसार तब अस्पताल के स्टाफ ने कुछ कागजात पर हस्ताक्षर भी कराने चाहे। लेकिन भैय्या यानी मनोज साहू ने इंकार कर दिया।
रूपेंद्र साहू ने आगे बताया है कि अस्पताल में सुबह भर्ती के समय 50 हजार रुपए जमा करवाए थे एवं स्वस्थ्य संतान की गारंटी दी थी। रूपेंद्र, मनोज साहू ने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का लगाते हुए कहा कि नीलम की मौत लापरवाही की वजह से हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने नीलम साहू भर्ती मामले पर किसी तरह के दस्तावेज देने से इंकार किए जाने की संगीन आरोप लगाया है।
इतना ही नहीं सेंटर ने अस्पताल का जो अपना फोन नंबर दिया था, वह स्विच ऑफ बता रहा है। पति मनोज साहू का यह भी आरोप हैं कि पत्नी नीलम की मौत को छिपाकर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों ने उसे और (मरीज ) को ममता अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पहुंचने पर जांच बाद चिकित्सकों ने नीलम को मृत घोषित कर दिया। ममता अस्पताल के डायरेक्टर डा. सुनील रामनानी का भी कहना है कि जब महिला को इंदिरा IVF सेंटर से लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को खबर कर दी गई है। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा।

