केरल में बारिश बनी आफत, वायनाड में लैंडस्लाइड से 5 लोग मलबे में दबे
वायनाड: केरल के वायनाड में भारी बारिश के बीच भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की चपेट में आने से पांच लोग मलबे के नीचे दब गए हैं। उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि केरल में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है।
कैमरे में कैद हुई लैंडस्लाइड की घटना
वायनाड में हुए भूस्खलन का डरावना नजारा वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया। फुटेज में पहाड़ से पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा नीचे सड़क पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए दिखे। भूस्खलन के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू हो गया। आपातकालीन टीमों के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। अधिकारियों ने बताया कि मलबे से दो लोगों को बचाया गया, जबकि पांच अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
काम चालू रहता तो हो सकता था बड़ा हादस!
बताया जा रहा है कि वायनाड में कल्लाडी टनल बनाने की जगह पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की वजह से रास्ता बंद हो गया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारी बारिश की वजह से वहां काम पहले ही रोक दिया गया था। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में उस इलाके में 265 मिमी बारिश हुई, जिससे भूस्खलन हुआ। अगर कल्लाडी टनल के पास काम चल रहा होता, तो कई लोग इस घटना की चपेट में आ सकते थे।
KSDMA ने पहले ही दे दी थी चेतावनी
लगातार हो रही भारी बारिश के बीच, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि इस बारिश से मुख्य सड़कों पर जल-जमाव, कम दृश्यता के कारण ट्रैफिक में रुकावट, निचले इलाकों और नदी के किनारों पर बाढ़, पेड़ उखड़ने से बिजली आपूर्ति में बाधा, घरों और झोपड़ियों को आंशिक नुकसान और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। प्राधिकरण ने यह भी चेतावनी दी कि खराब मौसम का असर तट के पास रहने वाले लोगों, मवेशियों और असुरक्षित ढांचों पर पड़ सकता है। केएसडीएमए ने लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशानुसार सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। नदियों के किनारे और बांधों के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और निर्देश मिलने पर राहत शिविरों में जाने की सलाह दी गई है। (एजेंसी)

