PM आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका-खरगे समेत विपक्ष के नेता मौजूद
Rahul Gandhi Protest: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने अचानक प्रधानमंत्री आवास के पास धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ये नेता केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं। जंतर-मंतर पर हुई घटना के बाद, विपक्ष अब इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाते हुए सड़कों पर उतर आया है।
पीएम आवास पर राहुल गांधी का प्रदर्शन
दिल्ली में सत्ता के केंद्र यानी 7 लोक कल्याण मार्ग (प्रधानमंत्री आवास) के ठीक बाहर तब हलचल मच गई, जब देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी, कांग्रेस के कई दिग्गज नेता अचानक सड़कों पर उतर आए। ये नेता वहीं जमीन पर बैठ गए, जंतर-मंतर पर बेगुनाह छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की गूंज प्रधानमंत्री आवास तक पहुंची। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में और उनके साथ राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के शामिल होने पर पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की जोरदार मांग की। देखते ही देखते, पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और वह इलाका किसी किले में तब्दील हो गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को जबरदस्ती वहां से हटाया गया और बसों में बिठाकर ले जाया गया।
छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में पूरी ताकत से लड़ाई का ऐलान
हिरासत में लिए गए विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे छात्रों पर हुई बर्बरता और उनकी मांगों को नजरअंदाज़ किए जाने के मामले में चुप नहीं बैठेंगे। नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों पर पुलिस के हमलों और दमन के बावजूद प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पूरी तरह चुप रहे हैं। वहीं, विपक्ष का इरादा है कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक इस मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन जारी रखा जाए।
पुलिस ने विरोध कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
क कल्याण मार्ग पर जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन के बाद, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान, पंजाब कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने इसे तानाशाही रवैया बताया और आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की बात सुनने को तैयार नहीं है।
कांग्रेस के बड़े नेताओं ने PM आवास के बाहर धरना दिया
जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में, कांग्रेस के कई बड़े नेताओं जिनमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल और पवन खेड़ा समेत कई दिग्गज नेता अचानक लोक कल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए। विरोध कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए, कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। (एजेंसी)

