जापान ओपन में इतिहास रचने के बाद PV Sindhu ने SS Rajamouli से मांगा काम, बोलीं– ‘मुझे अपनी अगली फिल्म में हीरोइन बना लीजिए’
PV Sindhu Wants Rajamouli’s Film Role: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में खेले गए महिला सिंगल्स फाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराकर इतिहास रच दिया है। सिंधु जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। इस ऐतिहासिक जीत के बाद जहां पूरे देश से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं, वहीं सिंधु और ‘RRR’ फेम दिग्गज फिल्म डायरेक्टर एसएस राजामौली के बीच सोशल मीडिया पर हुई एक बातचीत जमकर वायरल हो रही है।
राजामौली ने दी बधाई, सिंधु ने मांगा रोल
सिंधु की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर एसएस राजामौली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय! बधाई हो पीवी सिंधु… क्या शानदार वापसी की है। भारत को आप पर गर्व है!”
राजामौली की इस पोस्ट का जवाब देते हुए पीवी सिंधु ने न सिर्फ उनका शुक्रिया अदा किया, बल्कि मजाकिया अंदाज में उनसे रोल भी मांग लिया। सिंधु ने राजामौली की अपकमिंग फिल्म का जिक्र करते हुए लिखा, “बहुत-बहुत धन्यवाद राजामौली गारू। ‘वाराणसी’ का बेसब्री से इंतजार है सर! और हां, अगर आपको कभी अपनी किसी फिल्म में बैडमिंटन खिलाड़ी की जरूरत हो… तो मुझे आपकी नई ‘एक्ट्रेस’ बनने में बहुत खुशी होगी।” इसके साथ उन्होंने हंसने वाली इमोजी भी शेयर की।
यूज़र्स बोले– ‘लगता है सिंधु की बायोपिक बनने वाली है’
सिंधु ने अपने इस जवाब में राजामौली के साथ-साथ उनके बेटे और फिल्म के को-प्रोड्यूसर एसएस कार्तिकेय को भी टैग किया। इस बातचीत के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूज़र ने लिखा, “राजामौली जिस विषय पर फिल्म बनाते हैं, उसे महाकाव्य बना देते हैं। अगर बैडमिंटन पर फिल्म बनाएंगे तो शटलकॉक तीन टाइमलाइन पार कर दूसरे महाद्वीप में गिरेगी।” वहीं कई फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि जल्द ही राजामौली के निर्देशन में सिंधु की बायोपिक देखने को मिल सकती है।
फिल्म ‘वाराणसी’ के बारे में
आपको बता दें कि ‘RRR’ (2022) के बाद एसएस राजामौली की अगली डायरेक्टोरियल फिल्म ‘वाराणसी’ है। यह एक टाइम-ट्रैवल एडवेंचर एपिक फिल्म है, जिसमें साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ‘रुद्रा’ के मुख्य किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा जोनास (मंदाकिनी) और पृथ्वीराज सुकुमारन (विलेन कुंभा) भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शूटिंग 2024 से चल रही है और यह 07 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

