तीन देशों की यात्रा पर निकले पीएम मोदी, व्यापार और रक्षा में हो सकती हैं अहम डील
प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन देशों की छह दिन की यात्रा के लिए नई दिल्ली से जकार्ता रवाना हुए। पीएम मोदी आज से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान, व्यापार, निवेश, रक्षा, टेक्नोलॉजी और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में आपसी संबंधों और सहयोग को मजबूत करने के लिए कई अहम बैठकें होंगी।यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण समझौतों और घोषणाओं पर भी नजर रहेगी। करीब 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का आधिकारिक न्यूजीलैंड दौरा इस यात्रा की सबसे बड़ी खासियत है।
इंडोनेशिया से होगी दौरे की शुरूआत
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया से अपने तीन देशों के दौरे की शुरुआत करेंगे। दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे, जहां मेलबर्न में भारत-ऑस्ट्रेलिया सालाना लीडर्स समिट होगी। इस दौरान ‘क्वाड’ (Quad) फ्रेमवर्क के तहत सहयोग को और मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। दौरे के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड जाएंगे। भारत और न्यूजीलैंड ने इस साल की शुरुआत में एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए थे।
पीएम मोदी का इंडोनेशिया दौरा
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी जकार्ता में राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और दोनों देशों के बीच साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे।वह भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रांबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे, जो भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक संबंधों का प्रमुख प्रतीक माना जाता है।
पीएम मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा
इंडोनेशिया के बाद, प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न का दौरा करेंगे। यह दौरा ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के निमंत्रण पर हो रहा है। मेलबर्न में, प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री अल्बानीज़ के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। वे ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सैम मॉस्टिन से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगे और दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों को संबोधित करेंगे। साथ ही, भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
पीएम मोदी का न्यूजीलैंड दौरा
ऑस्ट्रेलिया के बाद, प्रधानमंत्री मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड का आधिकारिक दौरा करेंगे। यह लगभग चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का पहला आधिकारिक दौरा होगा। ऑकलैंड में, प्रधानमंत्री मोदी न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। दोनों नेता व्यापार, वाणिज्य और रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे, जिनमें पिछले दो वर्षों में काफी प्रगति हुई है। (एजेंसी)

