Wed. Aug 5th, 2026

पटना से दिल्ली सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, बुलेट ट्रेन को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी बड़ी खुशखबरी

नईदिल्ली : दिल्ली से बिहार और बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। इस रूट पर बुलेट ट्रेन का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ट्रेन के चालू होने के बाद दिल्ली से पटना पहुंचने में सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट लगेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि देश की पहली बुलेट ट्रेन अगले साल अहमदाबाद से मुंबई के लिए शुरू होगी।

बिहार-बंगाल रुट पर बुलेट ट्रेन परियोजना के संबंध में रेल मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री ने पिछले बजट में दिल्ली को वाराणसी होते हुए पटना से जोड़ने वाली बुलेट ट्रेन शुरू करने का भी निर्णय लिया है। इससे बिहार को काफी सुविधा मिलेगी। पटना से दिल्ली की यात्रा का समय घटकर मात्र 4 घंटे 41 मिनट रह जाएगा। इसके अलावा, पटना से सिलीगुड़ी तक भी बुलेट ट्रेन चलेगी। इसके लिए भी आगामी समय में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पहली बुलेट ट्रेन अगले साल अहमदाबाद और मुंबई के बीच शुरू होने जा रही है।”

गौरतलब है कि मौजूदा वक्त में पटना से दिल्ली या दिल्ली से पटना जाने में कम से कम 12-13 घंटे का समय लगता है। बुलेट ट्रेन आने के बाद ये सफर एक तिहाई रह जाएगा। इससे मुसाफिरों का बहुत वक्त बचेगा।दिल्ली-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड कॉरिडोर उत्तर भारत को पूर्वोत्तर भारत के प्रवेश द्वार से जोड़ेगा। इससे उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे घनी आबादी वाले राज्यों को भी लाभ होगा और इन राज्यों में ट्रेनों की भीड़भाड़ की समस्या का समाधान होगा। रेल मंत्री का कहना है कि बंगाल में बुलेट ट्रेन सहित रेल परियोजनाओं में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है।

दिल्ली-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर चार प्रमुख राज्यों – दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ेगा। यह दो अलग-अलग हाई-स्पीड कॉरिडोर को जोड़ेगा। पहला मार्ग दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा। दूसरा भाग वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा। मोदी सरकार ने बजट में इन बुलेट ट्रेन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी है।(एजेंसी)

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े