Mon. Aug 17th, 2026

Pan Masala Ad Notice: शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को FDA का कड़ा नोटिस, ‘च्युइंग इलायची’ विज्ञापन मामले में 15 दिन का अल्टीमेटम

Pan Masala Ad Notice: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बॉलीवुड के तीन बड़े सुपरस्टार्स शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को एक कड़े नोटिस में तलब किया है। यह नोटिस उन्हें ‘च्युइंग इलायची’ ब्रांड (विमल पान मसाला/इलायची) के विज्ञापनों में कथित तौर पर शामिल होने और उनका प्रचार करने के कारण जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह विज्ञापन FSSAI एक्ट 2006 और इसके तहत बनाए गए नियमों व प्रावधानों का सीधा उल्लंघन करते हैं।

15 दिन में पोस्ट हटाने का सख्त निर्देश

जारी किए गए नोटिस के मुताबिक, इन तीनों एक्टर्स को ब्रांड एंडोर्सर के तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। FDA ने उन्हें चेतावनी दी है कि वे आने वाले 15 दिनों के भीतर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म से इस विज्ञापन से जुड़े सभी प्रमोशनल कंटेंट को तुरंत हटाएं। अगर तय सीमा के अंदर इन निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है, तो ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ के तहत उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FDA के नोटिस में धारा 24 का जिक्र

महाराष्ट्र FDA ने अपने नोटिस में स्पष्ट रूप से ‘FSS Act, 2006’ की धारा 24 का हवाला दिया है। यह धारा खाद्य पदार्थों से जुड़े भ्रामक विज्ञापनों, गलत व्यापारिक तरीकों और ऐसे प्रचारों पर रोक लगाती है जो कानून के नियमों के विपरीत हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के विज्ञापन परोक्ष रूप से तंबाकू या अन्य प्रतिबंधित उत्पादों को बढ़ावा देने का जरिया बनते हैं, जिस पर अब रेगुलेटरी एजेंसियां बेहद सख्त रुख अपना रही हैं। सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट को लेकर हो रही इस लगातार जांच से फिल्मी गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े