Wed. Mar 4th, 2026

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर 11 हजार दीपों से रोशन हुआ एकात्म पथ

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर नया रायपुर स्थित एकात्म पथ को 11,000 दीपों से सजाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में रौशनी फैल गई। रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान को सतरंगी बना दिया, और राज्य की सांस्कृतिक धरोहर व एकता का अद्भुत नजारा पेश किया। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ की समृद्धि और खुशहाली के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की 24वीं वर्षगांठ और दीपावली के खास अवसर पर नया रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 11,000 दीपों के भव्य प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस आयोजन में मंत्रोच्चार के बीच विधिपूर्वक दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्धि, खुशहाली और विकास की कामना की। एकात्म पथ पर आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और एकता का प्रतीक बना, जिससे प्रदेश की संस्कृति और परंपरा को अनूठे रूप में प्रदर्शित किया गया।

11,000 दीपों की जगमगाहट से सजी एकात्म पथ ने एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया, जिसने सभी उपस्थितों में राज्य के गौरव और गौरवान्वित संस्कृति का अहसास कराया। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के इस मौके पर रंग-बिरंगी रोशनी, मनमोहक आतिशबाजी और मधुर संगीत की धुनों ने माहौल को खास और दिलकश बना दिया।

कार्यक्रम स्थल पर खूबसूरती से सजी रंगोली और प्रतीक चिन्हों से सजे सेल्फी पॉइंट ने लोगों को आकर्षित किया। आगंतुकों ने इन आकर्षक स्थानों पर सेल्फी लेकर इस यादगार क्षण को संजोया और स्थापना दिवस की खुशी का इजहार किया।naidunia_image

श्रमिकों और सफाईकर्मियों को दी गई मिठाईयां और उपहार
इस अवसर पर नवा रायपुर में नवनिर्मित सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास आयोजित समारोह में श्रमिकों और सफाईकर्मियों को दीपावली के उपलक्ष्य में मिठाई वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं। इस आयोजन में सभी उपस्थितों ने श्रमिकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

छत्तीसगढ़ राज्य का गठन 1 नवंबर 2000 को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में मध्य प्रदेश से अलग कर किया गया था। राज्य का गठन भारतीय प्रशासनिक और राजनीतिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ, जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र में तेजी से विकास करना, सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को मान्यता देना और प्रशासनिक सुविधाओं को सुलभ बनाना था।

आज छत्तीसगढ़ अपनी 24वीं स्थापना वर्षगांठ मना रहा है और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर राज्य के लोगों ने गर्व और आनंद के साथ इस दिन को मनाया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु श्री खुशवंत साहेब, इंद्र कुमार साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, बसव राजू एस., अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।

सीएम साय ने गृह ग्राम बगिया में मनाया दीपावली का त्‍योहार
दीपावली का त्‍योहार मनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे। वहां उनके कैंप कार्यालय में आज बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत किया और आत्मीयता के साथ उनसे बातचीत की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली का उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं, और लाभार्थियों ने आदरपूर्वक मुख्यमंत्री को धान की बालियां भेंट कीं, उनके सुख और समृद्धि की कामना की।

About The Author