Mon. Feb 2nd, 2026

Paris Paralympics 2024: नितेश कुमार ने बैडमिंटन में भारत को दिलाया गोल्‍ड मेडल

पेरिस पैरालंपिक 2024 के 5वें दिन योगेश कथूनिया ने डिस्कस थ्रो में सिल्‍वर मेडल जीता। इसके कुछ समय बाद ही भारत की मेडल टेली में इजाफा हुआ।

नई दिल्‍ली। पेरिस पैरालंपिक 2024 के 5वें दिन योगेश कथूनिया ने डिस्कस थ्रो में सिल्‍वर मेडल जीता। इसके कुछ समय बाद ही भारत की मेडल टेली में इजाफा हुआ। बैडमिंटन प्‍लेयर नितेश कुमार ने मेंस एकल SL3 में गोल्‍ड मेडल अपने नाम किया। पेरिस पैरालंपिक 2024 में यह भारत का 9वां और दूसरा गोल्‍ड मेडल है। इससे पहले अवनि लेखरा ने गोल्‍ड मेडल पर निशाना लगाया था।

नितेश कुमार ने 2-1 से जीत दर्ज की

नितेश कुमार ने सोमवार को पेरिस के ला चैपल एरेना कोर्ट 1 में पुरुष एकल एसएल3 फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन के डैनियल बेथेल को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्‍जा जमाया। उन्होंने फाइनल में मौजूदा रजत पदक विजेता को 21-14, 18-21, 23-21 से हराया। यह मुकाबला एक घंटे और 20 मिनट तक चला।

नितेश कुमार ने पहले गेम में शानदार प्रदर्शन किया और इसे 21-14 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में ग्रेट ब्रिटेन के डैनियल बेथेल ने शानदार वापसी की। उन्‍होंने भारतीय स्‍टार को 21-18 से हराया। ऐसे में तीसरा और आखिरी गेम निर्णायक था।

इसमें दोनों के बीच कांटे की टक्‍कर भी देखने को मिली। दोनों ही प्‍लेयर गोल्‍ड मेडल जीतने के लिए जोर लगा रहे थे। हालांकि, अंत में बाजी भारत के नितेश कुमार के हाथ लगी। उन्‍होंने यह गेम 23-21 से जीत लिया।

About The Author