Fri. Oct 23rd, 2026

चुनाव से 5 दिन पहले नेतन्याहू का बड़ा कदम, खुफिया प्रमुख संग बैठक से बढ़ी नई जंग की चर्चा

इजरायल: आगामी चुनाव से ठीक पांच दिन पहले, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वेस्ट बैंक में जवाबी हमले करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को इजरायल में चुनाव होने हैं, जिनसे यह तय होगा कि नेतन्याहू सत्ता में बने रहेंगे या जनता किसी नए नेतृत्व को चुनेगी। शुक्रवार को हेब्रोन के पास हुए एक आतंकी हमले के बाद, नेतन्याहू ने सुरक्षा प्रमुखों के साथ बैठक की और हेब्रोन में कर्फ्यू लगाने के साथ-साथ पूरे जुडिया और सामरिया क्षेत्र में लॉकडाउन लागू करने की तैयारियां करने का आदेश दिया।इजरायली सेना ने दो हमलावरों को मार गिराया, जबकि पांच लोग घायल हुए. यह कदम चुनावी माहौल में सुरक्षा को केंद्र में ला रहा है।

शुक्रवार सुबह, वेस्ट बैंक में हेब्रोन शहर के पास येहुदा जंक्शन के निकट एक आतंकी हमले के दौरान, इजरायली सुरक्षा बलों ने दो हमलावरों को गोली मारकर ढेर कर दिया। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के अनुसार, यह हमला दो युवकों ने शुरू किया था, जिसके जवाब में सैनिकों ने भी गोलीबारी की। इस घटना में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इजरायल के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। इमरजेंसी सर्विस ने बताया कि जब वे घटनास्थल पहुंचे तो गोलीबारी जारी थी। दो लोगों को गोली लगे हैं। जबकि एक व्यक्ति बेहोश और गंभीर रूप से घायल है।

हमले के तुरंत बाद, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री, जनरल स्टाफ के प्रमुख, शिन बेट के प्रमुख, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख और सेंट्रल कमांड के कमांडर के साथ स्थिति का जायज़ा लिया। अपने बयान में नेतन्याहू ने कहा, “मैं हमारे बहादुर योद्धाओं की सराहना करता हूँ, जिन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ काम किया और एक बड़े आतंकवादी हमले को रोक दिया। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने IDF और सुरक्षा बलों को हेब्रोन शहर में तुरंत कर्फ्यू लगाने और आज से ही पूरे यहूदिया और सामरिया (वेस्ट बैंक) में पूर्ण लॉकडाउन की तैयारी करने का निर्देश दिया है। नेतन्याहू ने चेतावनी दी, “हम हमास के आतंकवादियों और उन्हें भेजने वालों का हर जगह और हर समय पीछा करेंगे। आपके लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।” IDF ने इलाके में रास्ते बंद कर दिए हैं और फिलिस्तीनी कस्बों में आवाजाही पर रोक लगा दी है।

यह घटना इजरायली राजनीति के एक अहम मोड़ पर हो रही है। अगले मंगलवार को मतदाता तय करेंगे कि बेंजामिन नेतन्याहू को प्रधानमंत्री के तौर पर एक और कार्यकाल दिया जाए या फिर इज़रायली राजनीति में एक नए युग की शुरुआत की जाए। यह चुनाव 7 अक्टूबर को हमास के नेतृत्व में हुए हमलों के तीन साल बाद हो रहा है, जिसके बाद गाजा में युद्ध छिड़ गया था।

सुरक्षा बलों का कहना है कि वे आतंकवाद को कुचलने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। हेब्रॉन और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है। इजरायली अधिकारियों ने इस घटना को आतंकवाद के खिलाफ अपने संकल्प का प्रतीक बताया है, वहीं इस बात को लेकर चिंता जताई जा रही है कि क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। (एजेंसी)

 

About The Author