Tue. Mar 31st, 2026

Myanmar Army Aircraft Crashed: म्यांमार का सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, 14 लोग थे सवार

Myanmar Army Aircraft Crashed: मिजोरम में लेंगपुई में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह बर्मा की सेना (तात्पदौ) का एक विमान है जो लेंगपुई हवाई अड्डे पर क्रैश हो गया। विमान में पायलट के साथ 14 लोग सवार थे। मिजोरम डीजीपी ने जानकारी दी कि घायलों को लेंगपुई अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Myanmar Army Aircraft Crashed: आईजोल। मिजोरम के लेंगपुई हवाई अड्डे के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां म्यांमार की सेना का एक विमान क्रैश हो गया है। बताया जा रहा है कि एक सैन्य विमान आज मिजोरम के लेंगपुई हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, इस हादसे में 6 लोग घायल हैं। वहीं मिजोरम के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने बताया कि बर्मी सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। मिजोरम के डीजीपी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पायलट के साथ विमान में कुल 14 लोग सवार थे। इन 14 लोगों में से 6 लोग घायल हैं। सभी घायलों को लेंगपुई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेना का विमान लैंडिंग के वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

म्यांमार से भागकर भारत आए सैनिक
बता दें कि म्यांमार में चल रहे सत्ता संघर्ष की दौरान स्थिति गंभीर बनी हुई है। हाल ही में म्यांमार से काफी ज्यादा संख्या में सैनिक भागकर अपनी जान बचाने के लिए भारत में आए थे। वहीं भारत ने म्यांमार से भागकर मिजोरम पहुंचे 184 सैनिकों को उनके देश वापस भेजा है। हालांकि म्यांमार से कुल 276 सैनिक भागकर मिजोरम पहुंचे थे जिसमें से 184 को सोमवार यानी 22 जनवरी को उनके देश भेजा गया। एक अधिकारी के मुताबिक, शेष 92 सैनिकों को मंगलवार यानी 23 जनवरी को वापस उनके देश में भेज दिया जाएगा।

अब तक इतने सैनिक भेजे गए वापस
असम राइफल्स के एक अधिकारी ने बताया कि अभी बीते सप्ताह म्यांमार से आए 276 सैनिकों को मिलाकर अबतक कुल 635 सैनिक भागकर मिजोरम आ चुके हैं। मिजोरम में आए सभी सैनिकों में से 359 सैनिकों को पहले ही उनके देश वापस भेजा जा चुका है। म्यांमार की सेना के 104 जवानों को नवंबर में भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा मिजोरम के विभिन्न स्थानों से मणिपुर के सीमावर्ती शहर मोरेह भेजा गया और फिर उन्हें वहां से उनके देश भेज दिया गया। वहीं, इस महीने की शुरुआत में 255 सैनिकों को म्यांमार वायु सेना के विमानों द्वारा लेंगपुई हवाई अड्डे से वापस भेजा गया था।

About The Author