Tue. Jul 7th, 2026

सरकारी नौकरी की चाह में रिश्तों का कत्ल, मां को कुचलवाने की साजिश का मामला

Jaipur News: 4 जुलाई को जयपुर में नीरज शर्मा की मौत किसी दुर्घटना में नहीं, बल्कि उनकी हत्या की गई थी। इस हत्या के पीछे उनकी बेटी आयुषी, उनके ताऊ मोहन और मोहन के बेटे बलराम का हाथ था। जयपुर पुलिस ने आज इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आयुषी और मोहन समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बलराम अभी भी फरार है। इस मामले को सुलझाने में कॉन्स्टेबल दयाराम और गणेश ने अहम भूमिका निभाई।

स्कॉर्पियो से कुचलवाया

जयपुर ईस्ट की DCP रंजीता शर्मा ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 4 जुलाई को प्रताप नगर पुलिस स्टेशन इलाके में स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर से नीरज शर्मा की मौत हो गई थी। जांच में पता चला कि यह घटना कोई हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी। नीरज शर्मा के पति, जो कोर्ट में LDC के तौर पर काम करते थे, का एक साल पहले निधन हो गया था और उनकी जगह नीरज शर्मा को नौकरी मिली थी। उनकी बेटी आयुषी (24) अपनी मां की नौकरी खुद करना चाहती थी, इसीलिए उसने यह हत्या करवाई।

बेटी ने हत्या की रची साजिश

पुल‍िस ने बताया क‍ि आयुषी ने ताऊ मोहन और ताऊ के बेटे बलराम के साथ मिलकर हत्या की साज‍िश रची। इन्होंने अपने नजदीकी र‍िश्‍तेदार हेमंत को 7 लाख रुपये की सुपारी दी। इसके बाद हेमंत ने अपने साथ‍ियों आकाश, अरव‍िंद, रोह‍ित और मोह‍ित के साथ म‍िलकर हत्‍या को अंजाम द‍िया। पुल‍िस ने बताया क‍ि इनकी क्राइम कुंडली की तलाश की जा रही है। सभी आरोपी भरतपुर के रहने वाले हैं।

महिला के भाई को हुआ था शक

नीरज शर्मा के भाई राकेश कुमार शर्मा को हादसे की कहानी पर यकीन नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी आयुषी शर्मा ने उन्हें फोन करके हादसे में हुई मौत की जानकारी दी थी। राकेश ने बताया कि उनकी बहन लंबे समय से परेशान थीं और अक्सर फोन पर शिकायत करती थीं कि उनकी बेटी, उनके जेठ और जेठ का बेटा प्रॉपर्टी को लेकर उन्हें परेशान कर रहे थे।

हत्या की जताई आशंका

राकेश ने पुलिस को शक जताया कि उसकी बहन की मौत किसी दुर्घटना में नहीं, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पूरा मामला सामने आया। घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि तेज रफ्तार गाड़ी ने महिला को टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में ड्राइवर ने सब कुछ कबूल कर लिया, जिससे हत्या का खुलासा हो गया। (एजेंसी)

About The Author