MP पुलिस में बड़ा फेरबदल: डीजीपी के कड़े रुख के बाद 78 निरीक्षकों का प्रमोशन रद्द, महकमे में मची खलबली
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान सामने आई गंभीर खामियों के बाद पुलिस मुख्यालय ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने विभागीय जांच और गंभीर शिकायतों का सामना कर रहे 78 पुलिस निरीक्षकों के प्रमोशन आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
पुलिस कप्तानों के विरोध के बाद खुला पूरा मामला
पदोन्नति सूची जारी होने के बाद जब इन निरीक्षकों को जिलों में नई जिम्मेदारियां देने की प्रक्रिया शुरू हुई, तब कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने उन्हें पदभार ग्रहण कराने से साफ मना कर दिया। जिलों के कप्तानों ने पुलिस मुख्यालय को भेजी गई अपनी आधिकारिक रिपोर्ट में बताया कि सूची में शामिल कई अधिकारियों के खिलाफ पहले से ही गंभीर विभागीय जांच और शिकायतें दर्ज हैं।
डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही की होगी समीक्षा
जिसके बाद डीजीपी कैलाश मकवाना ने बिना किसी देरी के 78 निरीक्षकों के प्रमोशन आदेश को तुरंत प्रभाव से रद्द करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश जारी होते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस मुख्यालय अब इस बात की भी आंतरिक जांच कर रहा है कि जांच के दायरे में होने के बावजूद इन पुलिसकर्मियों के नाम पदोन्नति सूची में कैसे शामिल हुए और इसके लिए कौन से अधिकारी जिम्मेदार हैं।


