Sat. Sep 12th, 2026

‘सीधे अफसर की कुर्सी!’ MP में इस पद के लिए भर्ती, जानिए किसके लिए खुला है यह गुप्त दरवाजा!

भोपाल। मध्य प्रदेश के राजस्व विभाग के मैदानी और कार्यालयीन कर्मचारियों के लिए प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर आया है। शासन ने 73 रिक्त पदों पर नायब तहसीलदार चयन के लिए सीमित विभागीय परीक्षा का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस प्रक्रिया के जरिए विभाग में कार्यरत योग्य पटवारी, राजस्व निरीक्षक (RI) और लिपिक वर्ग के कर्मचारियों को पदोन्नति पाकर सीधे राजपत्रित संवर्ग में आने का मौका मिलेगा।

पदों का गणित

कुल विज्ञापित 73 पदों को संवर्ग के आधार पर दो हिस्सों में बांटा गया है। जिसमें लिपिक वर्गीय संवर्ग के लिए 46, पटवारी और राजस्व निरीक्षक पद के लिए 27 पद हैं।

आवेदन व परीक्षा का पूरा कार्यक्रम

ऑनलाइन आवेदन विंडो: 17 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक

फॉर्म में त्रुटि सुधार: 06 अक्टूबर 2026 तक

लिखित परीक्षा की संभावित तिथि: 14 नवंबर 2026 से

निर्धारित परीक्षा केंद्र: भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन

कौन कर सकता है आवेदन?

इस चयन प्रक्रिया में केवल वही कर्मचारी भाग ले सकते हैं जो राजस्व विभाग की सेवा में पहले से सक्रिय हैं:

कार्य अनुभव: अभ्यर्थी ने राजस्व विभाग में लिपिक, पटवारी या राजस्व निरीक्षक के पद पर कम से कम 5 वर्ष की स्थायी या स्थानापन्न सेवा पूरी कर ली हो।

शैक्षणिक अर्हता: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला, विज्ञान, वाणिज्य अथवा कृषि संकाय में स्नातक की उपाधि होना अनिवार्य है।

इस विभागीय परीक्षा से जहां फील्ड में वर्षों से तैनात कर्मचारियों को पदोन्नति का पारदर्शी माध्यम मिलेगा, वहीं तहसीलों में राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे के लिए नए अधिकारियों की तैनाती भी संभव होगी।

About The Author